
कोरबा-छुरी (खटपट न्यूज)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुरी का स्वर्ण जयंती समारोह भूतपूर्व विद्यार्थियों ने बड़े हर्ष और उल्लास के साथ आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरूवात पूर्व छात्रा ज्योति दुबे द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से की गई। मुख्य अतिथि कटघोरा के पूर्व विधायक बोधराम कंवर ने शाला की उन्नति के लिए जन सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए बस्तर के अबूझमाड़ का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जब जनसाधारण का संबल शिक्षा के क्षेत्र में लगता है तो विद्यार्थियों की उन्नति असीमित हो जाती है। कार्यक्रम के अध्यक्ष के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों का सहयोग और शाला विकास समिति की सक्रियता से विद्यालय और विद्यार्थी दोनों अपेक्षा से अधिक उन्नति करते हैं। विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष नीलम अशोक देवांगन ने विद्यालय के 50 वर्षों की प्रगति के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं प्रेषित की। शाला विकास समिति के अध्यक्ष दीपक सिंह राजपूत ने भी भूतपूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। संस्था की प्राचार्य ए कुजुर ने 50 वर्षों में शैक्षणिक उन्नति के साथ-साथ राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट, खेलकूद आदि गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के आंकड़े प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में राज्य स्तर की प्रावीण्य सूची में आने वाले विद्यार्थियों में से अभिलाश साहू 10वीं वर्ष 2009 तथा श्रीकांत अग्रवाल 12वीं वर्ष 2011 को स्वर्ण जयंती स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रथम प्रभारी प्राचार्य रामनारायण दुबे सहित नगर पंचायत छुरी के पार्षद गण, सांसद-विधायक प्रतिनिधि भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
















