दरार : प्रेम विवाह के 7 माह बाद ही पति ने कहा जिंदा जला दूंगा… जानिए वजह…

प्रतीकात्मक चित्र

कोरबा-कटघोरा (खटपट न्यूज)। प्रेम विवाह के 7 माह बाद ही रिश्तों में ऐसी दरार आई कि पति ने अपने परिजनों के साथ पत्नी को बेरहमी से न सिर्फ पीटा बल्कि गला दबाकर जिंदा जला देने की धमकी भी दी। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह का है। 10 फरवरी 2020 को न्यू कालोनी ढेलवाडीह एटीएम के पास रहने वाली पिंकी साहू 26 वर्ष ने ढेलवाडीह निवासी बैजू साहू के साथ प्रेम विवाह किया और उसके साथ रहने लगी। 29 सितंबर को सुबह करीब 9 से 9.30 बजे के मध्य पति के साथ कहा-सुनी हुई और विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। पति चाकू लेकर मारने के लिए पत्नी के कमरे में दौड़ पड़ा और गाली-गलौज कर पति ने पत्नी का गला दबाते हुए कहा कि आज मारकर ही रहूंगा और जिंदा जला दूंगा, तू मेरा कुछ नहीं कर सकती। पीड़िता के बताए मुताबिक जेठ उत्तरा साहू के द्वारा उसे हमेशा ताना दिया जाता है कि तू गरीब घर की है, तेरे को खाने को नहीं मिल रहा था, तो तू यहां खाने आई है। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर की ओर भागी। पिंकी को उसके पति बैजू, ससुर राधेश्याम ने मारपीट किया। जान बचाने के लिए शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तब बचकर नजदीक में ही निवासरत अपने बुआ के बेटा के घर चली गई। पिंकी की रिपोर्ट पर कटघोरा पुलिस ने पति बैजू साहू, ससुर राधेश्याम, जेठ उत्तरा और जेठानी रेशमा साहू के विरुद्ध 294, 323, 34, 506 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी रखी है।

Advertisement Carousel