Friday, September 25, 2026
Home कोरबा खून से लथपथ मिली वृद्ध की लाश, अवैध संबंधों के विरोध में...

खून से लथपथ मिली वृद्ध की लाश, अवैध संबंधों के विरोध में हुए विवाद में हत्या की आशंका


कोरबा, (खटपट न्यूज़)। पाली थाना क्षेत्र के बांधाखार नुनेरा स्थित एक मकान से वृद्ध की खून से लथपथ हालत में लाश मिली है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। क्षेत्र में चर्चा है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर उसकी हत्या की गई है। मौका स्थल से एक युवक भी घायल मिला है। पुलिस ने युवक को अभिरक्षा में लेकर उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार पाली थाना अंतर्गत ग्राम नुनेरा बांधाखार में चमरा सिंह 65 वर्ष अकेले निवासरत था। उसके आंगन के पास ही भतीजे का मकान स्थित है। गुरुवार की सुबह चमरा सिंह की खून से लथपथ हालत में लाश मिली है। घर के बाहर घायल अवस्था में शिव सिंह पिता अंजोर सिंह भी मिला है, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। उसके गले एवं नाक में गहरे चोट के निशान है। मामले में पुलिस ने खोजी डॉग बाघा की भी मदद ली। बताया जा रहा है कि अवैध संबंधों को लेकर मना किए जाने पर चमरा सिंह की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने मामले में अधिकृत कोई खुलासा नहीं किया है। मौका स्थल पर पाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अशोक शर्मा एवं पाली पुलिस विवेचना में जुटे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
0 इसे माना जा रहा हत्या का कारण

चमरा सिंह की हत्या को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर उसकी हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि उसकी भतीजी बहू के साथ किसी युवक का अवैध संबंध चला आ रहा था। कल रात लगभग 8 बजे के बाद बहू के साथ उक्त युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर चमरा सिंह ने इसका विरोध जताया तो उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस ने इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं की है।

Advertisement Carousel