श्री दक्षिणी परिवार कोरबा के संयोजन में होंगे विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम, रात 8 बजे से महाप्रसाद

कोरबा। श्री जलाराम बापा की 227वीं जयंती 16 नवंबर 2026, सोमवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्री दक्षिणी परिवार, कोरबा के संयोजन में श्री जलाराम मंदिर में विविध धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती समारोह के तहत सुबह से देर रात तक पूजा-अर्चना, भव्य शोभायात्रा, सम्मान समारोह और महाप्रसाद का आयोजन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे श्री जलाराम मंदिर में बापा के अभिषेक एवं पूजन के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित डैक्सी रेस्टो से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा ट्रांसपोर्ट नगर चौक से होते हुए श्री जलाराम मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में बापा की पधरामणी के बाद दैनिक आरती एवं विशेष महाआरती की जाएगी।
शाम 5 बजे मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मंदिर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं सचिव सहित गुजराती समाज और विभिन्न घटकों के अध्यक्षों का मंच पर स्वागत किया जाएगा। शाम 5:10 बजे मंदिर के वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष प्रदीप भाई चौहान प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद सलाहकार पीयूष भाई राठौड़ तथा मंदिर अध्यक्ष संजय भाई चौहान का उद्बोधन होगा। शाम 6 बजे गुजराती समाज के अध्यक्ष एवं विभिन्न घटकों के अध्यक्ष अपने विचार रखेंगे। पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक नानजी भाई पटेल का भी उद्बोधन होगा।
शाम 6:30 से 7:45 बजे तक मंदिर को वार्षिक सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया जाएगा। शाम 7:45 बजे आभार प्रदर्शन के साथ मंचीय कार्यक्रम का समापन होगा।
इसके बाद रात 8 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। रात 10 बजे महाआरती एवं उद्यापन आरती आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री जलाराम मंदिर के सचिव सुरेश भाई चौहान करेंगे।
श्री दक्षिणी परिवार ने समाज के सभी सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित जयंती समारोह में शामिल होकर श्री जलाराम बापा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
















