
कोरबा। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एवं घंटाघर चौक स्थित जन शिक्षण संस्थान, कोरबा में 17 सितम्बर 2026 को कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के विभिन्न कौशल प्रशिक्षणों में सफल हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि योगेश जैन, अध्यक्ष, जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोरबा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र तिवारी, अध्यक्ष, गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, कोरबा एवं सिद्धार्थ तिवारी, प्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि योगेश जैन ने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के लिए व्यावहारिक कौशल का होना भी आवश्यक है। उन्होंने जन शिक्षण संस्थान द्वारा विभिन्न वर्गों के लोगों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए हितग्राहियों से प्रशिक्षण का उपयोग आत्मनिर्भर बनने के लिए करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि राजेंद्र तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी सक्षम बनाता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने हुनर को निरंतर निखारने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों से अपने हुनर को उद्यमिता से जोड़कर आगे बढ़ने तथा उपलब्ध शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
बीओएम की उपाध्यक्ष श्रीमती गीता एडवर्ड, प्राचार्य, टाइनी कॉटेज, जमनीपाली, कोरबा ने भी अपने उद्बोधन में प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल ही व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने महिलाओं एवं युवाओं को अपने हुनर के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ने संस्थान की गतिविधियों एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंद एवं इच्छुक हितग्राहियों को विभिन्न रोजगारपरक कौशलों में प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के सफल प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त कर हितग्राहियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रीमती सावित्री जेना, तृष्या मोहंती, लक्ष्मी चटर्जी, विजयलक्ष्मी महंत, सुनीता राठौर, अंजू बनर्जी, सत्या श्रीवास, प्रिया गवेल, श्री किशोर महंत, नरेंद्र साहू, उमेश, ओमकार गुप्ता एवं रुख्मणि यादव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
















