दो प्रमुख मार्गों पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल शुरू हो गई है। क्षेत्रीय विधायक फूलसिंह राठिया ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कामगारों और कर्मचारियों की आवागमन संबंधी परेशानियों को देखते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों पर नियमित इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
विधायक ने पत्र में बताया कि नकटिखार, गोढ़ी, बेंदरकोना, करमंदी, भैसमा, तिलकेजा, तुमान, लबेद सहित आसपास के गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कोरबा सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। इनमें छात्र-छात्राएं, किसान, दैनिक मजदूर, कर्मचारी और अन्य ग्रामीण शामिल हैं। पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को निजी वाहनों अथवा अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और आर्थिक भार उठाना पड़ता है।
इन दो मार्गों पर बस सेवा की मांग
विधायक ने मुख्य रूप से दो मार्गों पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। पहला मार्ग नकटिखार-गोढ़ी-बेंदरकोना-करमंदी-भैसमा-तिलकेजा-तुमान-लबेद तथा दूसरा कोरबा-उरगा-भैसमा-करतला-कुदमुरा-हाटी मार्ग है।
विधायक का कहना है कि इन मार्गों पर नियमित बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। खासकर विद्यार्थियों और रोजाना आवागमन करने वाले कामगारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा मजबूत होने से शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों की आवाजाही भी सुगम होने की उम्मीद है।















