कोरबा। जिले के खरमोरा स्थित ईगल विजन स्कूल के निजी वाहन से बच्चों को स्कूल लाते समय कथित रूप से गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बच्चों से भरा स्कूल वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, जबकि एक बच्चे को गंभीर चोट लगने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि हादसे के बाद स्कूल परिसर में बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
अभिभावक जब बच्चों को स्कूल लेने पहुंचे तब उन्हें यह जानकारी हुई। इसके बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति स्कूल प्रशासन गंभीर नहीं है और निजी स्कूल वाहन के संचालन में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।















