
रायपुर (खटपट न्यूज़ )। राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति (मीडिया सिटी) के संचालक मंडल की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में समिति के संचालन, सदस्यता प्रक्रिया, भूखंडों से जुड़े नियमों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ सहकारिता अधिवक्ता आनंद मोहन ठाकुर को समिति का विधिक सलाहकार नियुक्त किया गया। उनके मार्गदर्शन में सदस्यों को सहकारिता अधिनियम एवं उपनियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि समिति को राज्य सरकार द्वारा रियायती दर पर भूमि आवंटित किए जाने के कारण सहकारी नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मीडिया सिटी में भूखंड प्राप्त करने के लिए समिति की सदस्यता अनिवार्य होगी। साथ ही निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र देना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना आवश्यक रहेगा कि संबंधित व्यक्ति के परिवार के किसी सदस्य के नाम पर मीडिया सिटी में अन्य भूखंड नहीं है। सहकारी नियमों के अनुसार एक परिवार से केवल एक सदस्य ही भूखंड का पात्र होगा।
संचालक मंडल ने निर्णय लिया कि अप्रैल 2022 के बाद रजिस्ट्री कराने वाले सभी सदस्य 15 दिनों के भीतर रजिस्ट्री, एनओसी, सदस्यता आवेदन एवं शपथ-पत्र की प्रतियां समिति कार्यालय में जमा कराएं। बैठक में बताया गया कि केवल रजिस्ट्री कराने से सदस्यता स्वतः प्राप्त नहीं होती, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण करना आवश्यक है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मीडिया सिटी की भूमि की लीज वर्ष 2036 तक है। सभी भूखंडों को फ्री-होल्ड कराने के लिए संबंधित मंत्रियों एवं अधिकारियों से चर्चा कर समाधान तलाशने का निर्णय लिया गया।
संचालन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। आंतरिक सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, कम्युनिटी हॉल तथा शिवालय मंदिर के संचालन हेतु अलग-अलग प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई। सदस्यों से कहा गया कि किसी भी समस्या या अनुमति संबंधी विषय में संबंधित प्रभारी से संपर्क करें।
संचालक मंडल ने समिति के कुछ वरिष्ठ सदस्यों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल करने का भी निर्णय लिया। इनमें अशोक साहू, राजेश मिश्रा और भोलाराम सिन्हा के नाम शामिल हैं।
बैठक में समिति की आय-व्यय, वार्षिक ऑडिट, रोकड़ बही तथा बैंक स्टेटमेंट की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में अध्यक्ष प्रेम पाठक सहित संचालक मंडल के सदस्य सुशील अग्रवाल, चंदन साहू, संजीव वर्मा, संजय शुक्ला, कृष्णा गोस्वामी, संतोष साहू, दानसिंह देवांगन एवं निवेदिता चक्रवर्ती उपस्थित रहे।
















