Monday, March 23, 2026
Home कोरबा अजब चोर-गजब चोरी: एटीएम मशीन ही उखाड़कर ले गए, रुपए नहीं निकाल...

अजब चोर-गजब चोरी: एटीएम मशीन ही उखाड़कर ले गए, रुपए नहीं निकाल सके तो तालाब में फेंक कर भागे, पुलिस ने किया बरामद

बिलासपुर( खटपट न्यूज़)। सीपत थाना इलाके के नवाडीह चौक स्थित इंडिया वन के एटीएम अज्ञात चोर पैसा चोरी करने पहुंचे थे लेकिन चोर पैसा निकाल पाने में नाकाम हुए, तो एटीएम को ही उखाड़कर ले गए. एटीएम को तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश की, पर उसमें असफल होने के बाद पास में ही मौजूद तालाब में पैसों से भरे एटीएम मशीन को फेंककर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक मामला रविवार देर रात नवाडीह का है, जहां चोर प्राइवेट कंपनी इंडिया वन का एटीएम लूटने की फिराक में थे. एटीएम में तोड़फोड़ की, फिर भी पैसे नहीं निकाल पाए. इसके बाद एटीएम मशीन को ही अपने साथ ले गए. नौसिखिया चोरों ने लाख कोशिश की, लेकिन अपने मंसूबे पर खरा नहीं उतर सके. जिसके बाद एटीएम मशीन को पास के ही तालाब में फेंक दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद मौका- ए-वारदात पर पहुंचे एसपी समेत पुलिस की टीम ने एटीएम को बरामद कर लिया।
इस मामले में एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि देर रात सीपत थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा एटीएम उखाड़ कर ले जाने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. एटीएम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों का सुराग मिल सके. फिलहाल एटीएम मशीन पास के ही तालाब से बरामद कर ली गई है. एटीएम में करीब 4 से 5 लाख कैश थे, जो कि सुरक्षित है. अज्ञात चोर एक भी पैसे नहीं निकाल पाए हैं.

Advertisement Carousel