कोरबा,(खटपट न्यूज़)। ग्राम कनकी से होकर गुजरे हसदेव नहर पर बने पुल पर ढहने का खतरा मंडरा रहा है।
कोरबा से कटघोरा होते हुए पाली से बिलासपुर जाने वाला मार्ग अत्यंत जर्जर होने के कारण जांजगीर-चाम्पा, बिलासपुर और इस रास्ते से आगे जाने वालों के लिए लंबे समय से कनकी, पंतोरा, बलौदा, सीपत होते हुए मार्ग का उपयोग किया जा रहा है जो कि ग्राम कनकी के पुल से होकर ही इस रुट से आना-जाना पड़ता है। एकमात्र जरिया यह पुल क्षतिग्रस्त ना हो जाए इसके मद्देनजर इस पुल से भारी मालवाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इनके लिए दूसरे रास्ते निर्धारित हैं लेकिन रात के अंधेरे में, आधी रात इस पुल से भारी वाहन गुजारे जा रहे हैं। हालांकि भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए यहां पर जांच नाका लगाया गया है और निगरानी के लिए कर्मी तैनात किए गए हैं, इसके बावजूद रात के वक्त भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहने से कनकी के पुल के ध्वस्त होने का खतरा मंडरा रहा है। एक वीडियो स्थानीय युवक ने जारी किया है जिसमें शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे 5 मालवाहन इस पुल को पार कर ग्राम कनकी की मुख्य सड़क से होते हुए गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस ओर संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान ले कर आवश्यक करवाई करनी होगी। ग्रामवासियों ने बताया कि लंबे अरसे के बाद इस मार्ग की दशा सुधरी है लेकिन भारी वाहनों का परिचालन होने से जल्द ही सड़क की जहां दशा बिगड़ सकती है वहीं यदि कनकी का यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया तो दो जिलों के बीच का आवागमन भी थम जाएगा।















