कोरबा-श्यांग,(खटपट न्यूज)। पहाड़ी कोरवा दामाद को उसके ससुर, मामा ससुर और सालों ने मिलकर मार डाला। ईलाज के दौरान दामाद की मौत हो गई। श्यांग पुलिस ने इन पर अपराध दर्ज कर लिया है।
लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्रीडीह का निवासी जमादार पहाड़ी कोरवा 45 वर्ष जो कि मदनपुर के स्कूल में चपरासी था, की पत्नी शांति बाई 5 अगस्त को बीमार पड़ गई। पत्नी को ईलाज के लिए संजीवनी एक्सप्रेस से करतला पीएचसी ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई। मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम और अन्य कार्यवाही बाद शांति बाई के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर पति जमादार कोरवा अपने गृहग्राम पेण्ड्रीडीह जा रहा था कि रास्ते में ग्राम चेल्ला मार्ग पर मृतका के मायका पक्ष के लोगों से मुलाकात हो गई। जमादार कोरवा के ससुर दशमल कोरवा, मामा ससुर बिसुन राम और बिसुन राम के पुत्र धनसाय एवं रोधन कोरवा, निवासी ग्राम उदयपुर कोदाडांड जिला सरगुजा के द्वारा शांति बाई को मार देने का आरोप लगाकर विवाद करते हुए बुरी तरह मारपीट की गई। किसी तरह जमादार कोरवा ने पत्नी का अंतिम संस्कार किया लेकिन पिटाई के कारण आए संघातिक चोट से उसकी तबियत बिगड़ गई। तबियत बिगड़ने पर परिजन जमादार को जिला अस्पताल में भर्ती कराए जहां हालत गंभीर होने पर सिम्स बिलासपुर ले जाया गया। 9 अगस्त को सिम्स में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल श्यांग थाना क्षेत्र होने के कारण श्यांग पुलिस को मर्ग डायरी प्राप्त हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार सिदार ने बताया कि मर्ग विवेचना एवं एमएलसी व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संघातिक चोट लगने से मौत होने पर मृतक के ससुर, मामा ससुर और उसके 2 पुत्र को मौत के लिए जिम्मेदार पाया गया। इनके विरूद्ध हत्या की धारा 302, 34 भादवि का जुर्म दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीम उदयपुर रवाना की गई है।