Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा अफरा-तफरी: पीडीएस का चावल और चना निजी किराना दुकान में रखवाया सचिव...

अफरा-तफरी: पीडीएस का चावल और चना निजी किराना दुकान में रखवाया सचिव ने, आधी रात उठा ले गई पुलिस

कोरबा-पाली। पाली विकासखंड में एक पंचायत के सचिव द्वारा सरकारी खाद्यान्न की अफरा-तफरी को अंजाम दिया गया। पीडीएस के गोदाम से लगभग 17 बोरा चावल और 6 बोरा चना निकलवा कर अपने गृह ग्राम के परिचित किराना व्यवसायी के यहां अफरा-तफरी की नीयत से भंडारित कराया गया था। सूचना पर पुलिस ने आधी रात दबिश देकर उक्त खाद्यान्न को जप्त करने के साथ ही सचिव एवं किराना व्यवसायी को पूछताछ के लिए थाना में बिठाया है। मामले में विस्तृत कार्यवाही की प्रतीक्षा है।
जानकारी के अनुसार मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत निरधि का है। यहां के सचिव प्रमोद पंत और सरपंच के द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन किया जा रहा है। सचिव पर आरोप है कि उसके द्वारा उचित मूल्य की दुकान से सरकारी चावल और चना निकलवा कर अपने ग्राम गृह ग्राम फुलवारी पारा जो कि ग्राम पंचायत निरधि से करीब 8-10 किलोमीटर दूर स्थित है, वहां ले जाकर अपने हितैषी किराना व्यवसायी कैवर्त के यहां भंडारित कराया गया। इसकी सूचना मिलने पर पाली पुलिस ने डायल 112 की टीम के साथ किराना व्यवसायी के यहां दबिश दी और चावल एवं चना की बोरियों को उठवा कर थाना लाया गया। सचिव और उसके व्यवसायी मित्र को भी रात में ही थाना लाया गया। इस संबंध में व्यवसायी को नोटिस देकर उससे उसके यहां भंडारित सरकारी चावल और चना के संबंध में पूछताछ की जा रही है कि यह राशन कहां से आया और किसने किसलिए रखवाया? पाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मामले में प्रारंभिक विवेचना जारी है। तथ्यों के सामने आने उपरांत जो भी कार्रवाई होगी उससे अवगत करा दिया जाएगा।
बाहरहाल पंचायत सचिव के द्वारा इस तरह सरकारी राशन के अफरा-तफरी की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। जहां एक ओर सरकार पानी की तरह पैसा बहा कर गरीबों को, बीपीएल कार्ड धारकों को सस्ता राशन मुहैया करा रही है वहीं इस तरह के लोग गरीबों का पेट काटकर अपनी जेब भरने की कवायद में भी जुटे हुए हैं। ग्राम वासियों ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement Carousel