
कोरबा। कुसमुण्डा (इमलीछापर चौक) के पास करीब 50 मीटर लंबे सडक़ के हिस्से में बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन राहगीरों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर भू-विस्थापित रोजगार एकता माटीपुत्र संगठन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि कुसमुण्डा-हरदीबाजार-भठोरा-नरईबोध-गेवराबस्ती-बांकीमोंगरा मार्ग होते हुए कोरबा आने-जाने वाली मुख्य सडक़ पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। इस कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर घायल हो जाते हैं और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़ता है।
संगठन ने मांग की है कि बरसात के मौसम में बढ़ रही इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और सडक़ की मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। संगठन ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी इस संबंध में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।














