कारनामा : जमीन मालिक किसान को पता ही नहीं, उसकी जमीन किसी औऱ ने बैंक में रख दी है बंधक… पुलिस में शिकायत

पीड़ित जगसिंह पटेल

कोरबा (खटपट न्यूज)। भू-स्वामी हक की सम्मिलित जमीन में फर्जी तरीके से बैंक में ऋण लेने वाले भागवत प्रसाद राजवाड़े पिता श्याम लाल, निवासी ग्राम कथरीमाल के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज करने पुलिस अधीक्षक एवं उरगा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत की गई है।
कुसमुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम जटराज पोस्ट-पड़निया निवासी जगसिंह पटेल पिता अवधराम 65 वर्ष ने की गई लिखित शिकायत में बताया है कि भागवत प्रसाद राजवाड़े पिता श्यामलाल निवासी कथरीमाल, थाना उरगा, तहसील करतला से वर्ष 2016 में 2 एकड़ 67 डिसमिल जमीन क्रय किया था। इसमें खसरा नंबर 1306/2 की 15 डिसमिल, ख.नं. 1309 की 41 डिसमिल, ख.नं. 1312/1 की 30 डिसमिल, ख.नं. 1312/2 की 15 डिसमिल, ख.नं. 1306/2 की 55 डिसमिल, ख.नं. 1313 की 47 डिसमिल, ख.नं. 1315 की 42 डिसमिल, ख.नं. 1314 की 22 डिसमिल जमीन शामिल है।
प्रार्थी जगसिंह ने बताया कि जून 2020 में जमीन के संबंध में आनलाइन जानकारी होने पर पता चला कि मेरे जमीन खसरा नं 1306/2, 1309, 1312/1 व 1312/2 कुल रकबा 1.01 एकड़ जमीन स्टेट बैंक बरपाली, थाना उरगा में बंधक है। बैंक से जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि मेरे उक्त चारों खसरे नंबर पर कथरीमाल निवासी भागवत प्रसाद ने अपना जमीन बताते हुए ऋण लिया है। उक्त जमीन अगस्त 2018 से बंधक है। क्रय किए गए जमीन के सभी दस्तावेज जगसिंह के पास उपलब्ध हैं। जगसिंह ने भागवत प्रसाद के खिलाफ जांच कर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने का आग्रह किया है।

Advertisement Carousel