लोक शिक्षा समिति के कर्मियों को 9 माह से नहीं मिला वेतन

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिला लोक शिक्षा समिति में कार्यरत कर्मचारियों को विगत 9 माह से वेतन प्रदान नहीं किया गया है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है।
प्रभावित कर्मचारियों ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए वेतन प्रदान करने की मांग की है। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण अंतर्गत जिला लोक शिक्षा समिति में कार्यरत लेखापाल, सहायक ग्रेड-2, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक ग्रेड-3 कुल 6 संविदा कर्मचारी सेटअप के तहत 2015 से वे कार्यरत है जो पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करते आ रहे हैं। विगत पंचायत चुनाव में माह सितंबर 2019 से मार्च 2020 तक दायित्वों का निर्वहन करने के पश्चात कोरोना महामारी में भी निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। वित्त विभाग से सत्र 2019-20 का 40 प्रतिशत राशि का आबंटन कार्यालय को किया गया था। शेष 60 फीसदी राशि जारी नहीं होने के कारण पूरे राज्य के लगभग 112 संविदा कर्मियों को नवंबर से जुलाई तक का वेतन नहीं मिला है जिसके कारण संविदा कर्मचारियों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें परिवार चलाने में दिक्कत हो रही है। वेतन ही उनका एकमात्र सहारा है। इसके अलावा कहीं से कोई अन्य आमदनी नहीं है। जिले के सभी 6 कर्मियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वेतन प्रदान करने की मांग की है।

Advertisement Carousel