कोरबा. नगर पालिक निगम के आयुक्त एस जयवर्धन सहित अन्य कुछ कर्मचारियों को रैपिड टेस्ट में कोरोना की पुष्टि होने के कारण ऐहतियातन 13 अगस्त से आगामी आदेश तक साकेत भवन को बंद कर दिया गया था। आम जनता के लिए बंद हुए साकेत के दरवाजे 28 अगस्त से पुन: खोलते हुए समस्त अधिकारी-कर्मचारी को अपने-अपने कर्तव्य स्थल में कोविड-19 के गाइड लाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही मास्क का उपयोग कर अपने दायित्वों/सेवाओं का संपादन करने के निर्देश निगम आयुक्त ने जारी किए हैं। यह आदेश समस्त जोन कमिश्नर एवं नगर निगम के समस्त शाखा प्रभारी को प्रेषित किया गया है।

एक ओर जहां निगम आयुक्त के द्वारा वर्तमान स्थिति में कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी को काम पर लौटने के आदेश जारी किए गए हैं वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों ने दबी जुबान में कोरोना फैलने का भय भी जताया है। निगम अंतर्गत छोटे-बड़े लगभग 800 से 1000 कर्मचारी कार्यरत हैं जिनमें से बमुश्किल 10 से 20 प्रतिशत लोगों ने ही अपना कोरोना जांच कराया है। अधिकारी वर्ग से अनेक लोगों ने जांच से दूरी बनाए रखी है। ऐसे में कर्मचारियों का भयभीत होना लाजिमी है लेकिन नौकरी व कार्रवाई के भय से खुलकर कुछ भी कह पाने में असमर्थ बता रहे हैं।
















