
कोरबा (खटपट न्यूज)। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि वे जनसमस्याओं का निराकरण सर्वप्राथमिकता के साथ करें तथा समस्याओं के प्रति निरंतर संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, सड़क, नाली व साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के संबंधित समस्याएं त्वरित रूप से दूर की जाए, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें ताकि इन समस्याओं के निराकरण के लिए नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उक्ताशय के निर्देश महापौर श्री प्रसाद ने आज वार्ड क्र. 17 पथर्रीपारा में भ्रमण के दौरान दिए।
महापौर श्री प्रसाद ने आज नगर पालिक निगम कोरबा के कोसाबाड़ी जोनांतर्गत आने वाले वार्ड क्र. 17 पथर्रीपारा का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ दौरा किया। उन्होने वहां के नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान वार्डवासियों ने बताया कि बस्ती में पेयजल की नियमित व पर्याप्त आपूर्ति न होने से उन्हें परेशानी हो रही है, इस पर महापौर श्री प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल की नियमित व पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक कदम त्वरित रूप से उठाएं, साथ ही बस्ती में स्थित हैंडपम्प व बोरिंग आदि की मरम्मत कर व्यवस्था को दुरूस्त करें, ताकि यदि तकनीकी कारणवश पेयजल आपूर्ति बाधित होती है तो बस्तीवासी हैण्डपम्प व बोरिंग से पेयजल की व्यवस्था कर सके तथा उन्हें पेयजल की कमी का सामना न करना पड़े। महापौर श्री प्रसाद ने भ्रमण के दौरान वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं इन्हें चुस्त-दुरूस्त रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
0 वार्ड में प्रस्तावित विकास कार्यों का किया स्थल निरीक्षण
महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने वार्ड क्र. 17 पथर्रीपारा वार्ड में प्रस्तावित विभिन्न विकास व निर्माण कार्यो के स्थलों का भी निरीक्षण किया, निगम द्वारा वार्ड क्र. 17 पथर्रीपारा में गुलापी घर से पुष्पा पाण्डेय घर तक नाली एवं कांक्रीट पेविंग निर्माण, दुर्गा पण्डाल से दिनेश कर्ष घर तक नाली एवं पेविंग निर्माण, तम्बोली घर से पप्पू यादव घर होते हुए सुरेन्द्र रजक घर तक नाली एवं पेविंग निर्माण, सालिकदास घर से आंगनबाड़ी होते हुए बड़े नाला तक नाली निर्माण कार्य, मोहन दुकान से नत्थूदास घर तक नाली एवं पेविंग निर्माण, बाबू फर्नीचर से शिव राठौर घर होते हुए होरीलाल राठौर घर तक नाली एवं पेविंग निर्माण तथा राजन नायर घर से लखन यादव घर तक नाली व पेविंग निर्माण आदि के कार्य कराए जाने हेैं। आज महापौर श्री प्रसाद ने इन प्रस्तावित निर्माण कार्यों के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों का आवश्यक मार्गदर्शन किया।
भ्रमण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुनीता राठौर, पालूराम साहू, सुखसागर निर्मलकर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुकेश राठौर, निगम के कार्यपालन अभियंता आरके माहेश्वरी, आरके चौबे, सहायक अभियंता एनके नाथ, अनिरूद्ध शुक्ला, वार्डवासी कुंजबिहारी साहू, कन्हैया राठौर, सालिकदास वैष्णव, गब्बर राठौर, जयराम मिश्रा, डीपी साहू, यादव प्रसाद, ईश्वरी प्रसाद आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।















