Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा भाजपा का परचम जिले में लहराना मेरा पहला प्रयास : राजीव सिंह

भाजपा का परचम जिले में लहराना मेरा पहला प्रयास : राजीव सिंह

कोरबा (खटपट न्यूज)। भाजपा का परचम जिले में लहराना मेरा पहला प्रयास होगा। मंडल स्तर पर भ्रमण कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की जा रही है जिसके उपरांत सक्रिय कार्यकर्ताओं की लिस्ट बनाकर कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस अपने किसी भी वादे पर खरा नहीं उतरी है जिसके खिलाफ जल्द ही सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी।
उक्ताशय की बातें भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिले की स्थिति वर्तमान में टापू के समान हो गई है। सभी तरफ की सड़कें दयनीय स्थिति में है। लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आगामी दिनों में इसके लिए रणनीति बनाकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है उसका निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा। जिला कार्यकारिणी के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें सभी को महत्व दिया जाएगा। संगठन में सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान हो, यह प्राथमिकता का हिस्सा है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी मोर्चों पर सरकार विफल रही है। शराब बंदी और रोजगार को लेकर जो दावे किये गए थे, इस ओर कोई काम नहीं किया गया। अब कुतर्क करने के साथ बचने की कोशिश की जा रही है। पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण कांग्रेस के खिलाफ जैसा आंदोलन होना चाहिए वैसा नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस के महापौर की घोषणा होने के बाद ही लॉकडाउन लग गया। इस वजह से कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन में तेजी नहीं आ पाई है लेकिन जल्द ही कार्यकारिणी की घोषणा के बाद आंदोलन का असर दिखेगा। पूर्व महापौर जोगेश लांबा ने महापौर व राजस्व मंत्री पर जमकर कटाक्ष किया। महापौर बंगले को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर राजस्व मंत्री ने कब्जा कर लिया है। पत्रवार्ता में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारीलाल अग्रवाल, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, पूर्व कोषाध्यक्ष विकास महतो और गोपाल मोदी उपस्थित थे।
……………

Advertisement Carousel