
रायपुर (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कोरोना के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। मंगलवार को सबसे अधिक रिकॉर्ड 1145 कोरोना मरीजों की पहचान की गई है, जबकि 12 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है। राहत की बात यह है कि 308 लोग ठीक होने के बाद डिस्चार्ज भी किए गए हैं। कोरबा जिले में आज 6 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमें एक 4 वर्षीय बालक भी शामिल है। पोड़ीबहार से एक महिला, रविशंकर शुक्ल नगर, जयप्रकाश कालोनी एसईसीएल कोरबा और गोकुलनगर हाउसिंग बोर्ड से 1-1 पुरुष संक्रमित मिले हैं, जबकि ग्रामीण अंचल के ग्राम श्यांग से 30 वर्षीय महिला व 4 वर्षीय बालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 1 महिला व 1 पुरुष का ट्रूनॉट एवं 4 अन्य लोगों का एंटीजन टेस्ट कराया गया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन सभी को सावधानीपूर्वक कोविड अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। साथ ही इन सभी की संपर्क हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है ताकि उनकी पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसी तरह राज्य भर में आज मिले नए 1145 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से रायपुर से 364, रायगढ़ से 117, बिलासपुर से 104, राजनांदगावं से 85, दुर्ग से 72, दंतेवाड़ा से 70, बस्तर से 48, सरगुजा से 40, कांकेर से 38, सुकमा से 28, बीजापुर से 25, सूरजपुर से 24, बलौदाबाजार से 23, धमतरी से 20, महासमुंद से 17, नारायणपुर से 16, कोण्डागांव से 13, कबीरधाम से 11, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा व अन्य राज्य से 5-5, बालोद से 4,जशपुर से 2, बेमेतरा, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरिया व बलरामपुर से 1-1 मरीज शामिल है। राज्य में अब तक 23 हजार 199 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके है. जिसमें से 13 हजार 732 मरीज स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज किए गए है. जबकि 9 हजार 249 मरीज सक्रिय हैं. वहीं प्रदेश में अब तक 218 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।















