
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण को पूरी तरह समाप्त करने के लिए आगामी एक जुलाई से ‘किल कोरोना अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा, जिसमें कोरोना के साथ ही अन्य रोगों से संबंधित परीक्षण भी किया जाएगा। हमें प्रदेश के हर नागरिक का अच्छा स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी श्री विवेक जौहरी और अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान आदि उपस्थित थे।
15 दिन में होंगे 2.5 से 3 लाख टेस्ट: मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 15 दिन में लगभग 2.5 से 3 लाख टेस्ट किए जाएंगे। प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार सैम्पल लिए जाएंगे। वर्तमान में हमारी प्रति दस लाख टेस्टिंग लगभग 4 हजार है, जो बढ़कर लगभग दोगुनी हो जाएगी।
सागर जिले को सख्त चेतावनी : सागर जिले की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए दोषी चिकित्सक के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। सागर जिले में कोरोना के 328 पॉजीटिव मरीज थे, जिनमें 240 स्वस्थ हो गए हैं, 68 एक्टिव हैं, 20 की मृत्यु हुई है।














