Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा सड़क सुरक्षा की गंभीरता और चुनौती पर जागरूक करने होंगे आयोजन

सड़क सुरक्षा की गंभीरता और चुनौती पर जागरूक करने होंगे आयोजन

15 जनवरी से 14 फरवरी तक चलेगा सड़क सुरक्षा माह

कोरबा (खटपट न्यूज)। नागरिकों और सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क सुरक्षा की गंभीरता और चुनौती के बारे में जागरूक करने के लिए पुलिस मुख्यालय रायपुर की अंतरविभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के द्वारा 14 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अध्यक्ष संजय शर्मा के द्वारा राज्य के समस्त कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी कर भारत शासन के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देश से अवगत कराया है।
सड़क सुरक्षा माह में शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, परिवहन, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड्स एवं स्वयंसेवी व समाजसेवी संस्थाओं, विभिन्न विभागों के समन्वय व सहयोग से वाहन चालकों, विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमीनार, नेत्र जांच शिविर आदि का आयोजन किया जाएगा। सड़क सुरक्षा की समस्याओं एवं उनके समाधान का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सड़क दुर्घटना में होने वाली मृत्यु व घायलों की संख्या कम करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान लिया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ ही विभिन्न आयोजनों के जरिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह, सड़क सुरक्षा पर झांकी भी निकाली जाएगी। युवाओं के लिए ऐरोबिक्स जुम्बा के माध्यम से कार्यक्रम, हेलमेटधारी वाहन चालकों को प्रोत्साहित करने ट्राफी वितरण सहित अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे।
0 बेनेडिक्ट मिंज नोडल अधिकारी, यातायात थाना में प्रशिक्षण
जिला पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने जिले में विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा माह-2024 का आयोजन हेतु उप पुलिस अधीक्षक बेनेडिक्ट मिंज को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सड़क सुरक्षा माह प्रारंभ होने से पूर्व विभिन्न स्वयंसेवकों व संस्थानों से संपर्क किया जा रहा है। इस कड़ी में नेहरू युवा केन्द्र, कोरबा के द्वारा 25 स्वयंसेवकों को यातायात विभाग की मदद व अभियान में शामिल होने चिन्हित किया गया है। जिला यातायात थाना पहुंचे इन स्वयंसेवकों को एएसआई मनोज कुमार राठौर के द्वारा आवश्यक जानकारी देते हुए प्रशिक्षित किया गया। श्री राठौर ने बताया कि सभी के सहयोग से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है।

Advertisement Carousel