Monday, March 23, 2026
Home कोरबा डॉ. बंछोर के साथ नर्सिंग होम में हाथापाई, गर्भ में शिशु...

डॉ. बंछोर के साथ नर्सिंग होम में हाथापाई, गर्भ में शिशु की मौत होने से परिजन थे आक्रोशित, पुलिस में शिकायत

कोरबा(खटपट न्यूज़)। नगर के ख्यातिलब्ध चिकित्सक व नवजीवन नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रोहित बंछोर व उनकी पत्नी के साथ उनके अस्पताल में एक महिला मरीज के परिजनों ने इलाज में लापरवाही के कारण गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप लगाकर हाथापाई की।

दरअसल दर्री रोड कोरबा निवासी अधिवक्ता विक्रम जायसवाल की बहन दंत रोग चिकित्सक श्रीमती प्रीति को प्रसव के लिए डॉ. बंछोर के कोसाबाड़ी क्षेत्र स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां प्रसव के दौरान नार्मल डिलीवरी कराने की बात परिजनों ने कही थी लेकिन यह सम्भव न होने पर ऑपरेशन से प्रसव कराने की तैयारी के दौरान ही गर्भ में शिशु ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर प्रीति के एक अन्य भाई विजय जायसवाल ने सोमवार शाम को डॉ. बंछोर के अस्पताल में पहुंचकर इलाज में लापरवाही और प्रसव कराने में देर करने से ही गर्भ में बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया। इस बात पर विवाद में डॉ. बंछोर, उनकी पत्नी और विजय के साथ हाथापाई भी हुई। हंगामा होने की सूचना पर रामपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। कुछ देर में कोरबा सीएसपी राहुलदेव शर्मा भी यहां पहुंच गए थे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, कोरबा के भी पदाधिकारियों ने पहुंचकर मध्यस्थता की व किसी तरह मामला शांत हुआ। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने प्रसव हेतु ऑपरेशन में विलंब और लापरवाही करने के कारण बच्चे की गर्भ में ही मौत हो जाने का आरोप लगाते हुए डॉ. बंछोर के खिलाफ शिकायत पुलिस चौकी में की है।

Advertisement Carousel