0 सडक़, बिजली, पानी व साफ-सफाई की समस्या आज भी यथावत

कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार लखनलाल देवांगन ने कहा है कि विभिन्न वार्डों में लोगों से मेल-मुलाकात और चर्चा के बीच हर तरफ से यही सुनने को मिल रहा है कि पिछले 15 वर्षों में कोई भी विकास के काम नहीं हुए हैं।

श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा नगर निगम में 10 साल से कांग्रेस पार्टी के महापौर रहे और कोरबा शहर में 15 साल से जयसिंह अग्रवाल विधायक और मंत्री हैं, इसके बाद भी उनके खुद के निवास क्षेत्र पुरानी बस्ती से लेकर आसपास के वार्डों में भी समस्याओं का अंबार है। वार्डों में गंदगी जगह-जगह पसरी देखी जा सकती है, नालियों की साफ-सफाई के लिए भी कोई खास काम नहीं हुए हैं। पुरानी बस्ती सहित इंदिरा नगर, फोकटपारा, धनवार पारा, सीतामढ़ी, नर्सरी मोहल्ला, पानी टंकी मोहल्ला, रामसागरपारा, राताखार, संजय नगर, इमलीडुग्गू, कुंआंभा, चिमनीभा, अमरैयापारा, मुड़ापार, सुभाष ब्लाक, रविशंकर शुक्ल नगर, दादरखुर्द, मानिकपुर, सर्वमंगला नगर, बरमपुर के अलावा प्राय: सभी क्षेत्रों खासकर झुग्गी बस्तियों में सडक़, बिजली, पानी, साफ-सफाई, नाली की समस्या आज भी यथावत है। बरसात में नाली और नालों का पानी घरों में और बस्तियों में घुसने की समस्या से निजात नहीं दिला पाए हैं क्योंकि कोई ठोस कार्ययोजना इनके पास नहीं है।
0 पीएचसी में सुविधाओं की कमी
लखनलाल देवांगन ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए भी कुछ खास काम होता नहीं दिखा है। प्रदेश के राजस्व मंत्री होने के बाद भी शहर के पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रानी धनराज कुंवर देवी के नाम से संचालित अस्पताल का जीर्णोद्धार तो कराया गया लेकिन सुविधाएं अभी भी पर्याप्त नहीं हैं। यहां आने वाले मरीजों को कई तरह की उपचार सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।















