
कोरबा (खटपट न्यूज़)। बालको के भदरापारा रिसदा स्कूल के पास एवं चेक पोस्ट के शक्ति केंद्र में भाजपा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि बालको क्षेत्र में समस्याओं का अंबार है। यहां कांग्रेस के विधायक व महापौर को कोई चिंता नहीं। परसाभाठा से पॉलिटेक्निक कॉलेज जाने का मार्ग में सडक़ में जाम से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खराब सडक़ों के साथ वार्डों में नाली की समस्या से लोग परेशान हैं। सार्वजनिक स्थानों पर अभी गणेश पूजा के लिए सांस्कृतिक मंच शेड निर्माण की व्यवस्था नहीं है कांग्रेस बड़े-बड़े दावा करती है लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं। प्रदेश सरकार अनेकों लोक लुभावने प्रलोभन देकर एक भी वादा पूरा नहीं किया। ना शराब बंदी हुआ, ना बेरोजगारी भत्ता मिला, ना पेंशन मिला और न ही 10 लाख रोजगार। केन्द्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में देश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। आज देश एवं छत्तीसगढ़ में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है। चाहे रेल मार्ग हो या राष्ट्रीय राजमार्ग प्रगति का राजमार्ग बन चुका है। छत्तीसगढ़ में 33 सडक़ परियोजनाओं की सौगात मिल चुकी है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी एवं वार्ड वासी उपस्थित थे।

कोरबा विधानसभा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में कोरबा के पुरानी बस्ती धनवार पारा के लोगों ने भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा प्रवेश किया है। भाजपा प्रवेश करने वालों में कौशल साहू, समारू चौहान, श्रीमती मांझी, अशोक केंवट, अजय सागर, चंद्रिका सिंह शामिल हैं। लखनलाल देवांगन ने गमछा पहनाकर सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष परविंदर सिंह, महामंत्री केवट, पार्षद धनश्री साहू, अजय साहू, रमेश पोद्दार, ईश्वर पटेल सहित अन्य उपस्थित थे।















