
रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनाव -2023 को मद्देनजर रखते हुए कांग्रेस कमेटी के द्वारा संगठन को और भी मजबूत किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाने की पूरी तैयारी कांग्रेस कर रही है। इस कड़ी में प्रदेश संगठन में सक्रिय और अनुभवी लोगों को विभिन्न पदों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौपी गई हैं। इस चुनाव में इन पदाधिकारियों की काफी अहम भूमिका संगठनात्मक तौर पर होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल के द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष के अनुमोदन उपरांत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव, सचिव एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की सूची जारी की गई है। प्रदेश कार्यसमिति में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल को कुल 7 लोगों के साथ एक्जीक्यूटिव कमेटी में शामिल किया गया है।
बता दें की सुरेंद्र प्रताप जायसवाल वर्तमान में कांग्रेस कमेटी के (ग्रामीण) जिला अध्यक्ष होने के साथ-साथ नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 4 देवांगन पारा से पार्षद भी हैं। कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए एक सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ पूर्व में हुए सभी तरह के आयोजन/बैठकों/चुनाव में प्रमुख रणनीतिकार की भूमिका भी निभाई है। संगठनात्मक तौर पर गहरी पकड़ रखने वाले श्री जायसवाल कोरबा विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के काफी करीबियों में शामिल भी हैं। सुरेंद्र प्रताप जायसवाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने और कार्य समिति में शामिल किए जाने से निश्चित ही उनके अनुभवों का लाभ इस चुनाव में भी मिलेगा।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी समिति का सदस्य बनाए जाने पर सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने सभी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सदस्यों का आभार व्यक्त किया है कि उन्होंने यह मौक़ा दिया। उन्होंने कहा है कि संगठन ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसमें वे खरा उतरने के लिए कोई कसर शेष नहीं रखेंगे।
















