Tuesday, March 24, 2026
Home छत्तीसगढ़ CG:सिलेण्डर के ऊपर सजाई अर्थी,फूलों की जगह टमाटर….एक विरोध ऐसा भी

CG:सिलेण्डर के ऊपर सजाई अर्थी,फूलों की जगह टमाटर….एक विरोध ऐसा भी

रायपुर(खटपट न्यूज)। बढ़ती महंगाई को लेकर छत्तीसगढ़ में संसदीय सचिव व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने गैस सिलेंडर पर आम आदमी की अर्थी सजाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की मन की बात का विरोध करते हुए महंगाई पर बात की। यह प्रदर्शन राजधानी के खमतराई इलाके के गांधी मैदान में किया गया। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। आम आदमी की अर्थी के सामने सारे महंगे सामानों को सजाकर रखा गया था।

प्रदर्शन के दौरान संसदीय सचिव उपाध्याय ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री, टमाटर और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी को परेशान कर दिया है। देश में भाजपा की सरकार है और आज पीएम मोदी मन की बात कह रहे हैं, लेकिन महंगाई की बात कोई नहीं कर रहा, जनता की बात कोई सुन नहीं रहा। उन्होंने कहा कि ये प्रदर्शन नहीं बल्कि आम आदमी की एक मार्मिक अपील है कि महंगाई कम की जाए। अर्थी सजाकर प्रदर्शन करने की वजह बताते हुए उपाध्याय ने कहा कि लोग गैस सिलेंडर रिफिल नहीं करा पा रहे, रोजमर्रा की जरूरतों के सामान नहीं खरीद पा रहे, टमाटर समेत कई सब्जियां इतनी महंगी हो गई है कि खरीद पाना मुश्किल हो गया है।प्रदेश में आज भाजपा के नेता पंडाल में पीएम मोदी की मन की बात सुन रहे हैं , लेकिन लोगों के मन की बात सुनने का उनके पास समय नहीं है।

Advertisement Carousel