
कोरबा(खटपट न्यूज़)। पत्नी की जान लेने के बाद पति ने खुद थाना में सूचना दिया। उसने गलत घटनाक्रम बताकर पुलिस को गुमराह किया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सारा राजफाश कर हत्यारे पति को सलाखों के पीछे भिजवाया।
कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के गढ़उपरोड़ा की निवासी विश्वा देवी कंवर 35 वर्ष के मौत की सूचना उसके पति पुराण सिंह ने थाना में दिया था कि 12 जुलाई 2023 को जंगल में पेड़ पर चढक़र पत्ते तोडऩे के दौरान गिरकर पत्नी चोटिल हो गई। घर पर लाकर उसका ईलाज किया जा रहा था कि मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रारंभिक विवेचना करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह शरीर में काफी अंदरूनी चोट लगने के कारण होना बताया। लेमरू थाना प्रभारी एसआई कृष्णा साहू ने घटनाक्रम से अपने अधिकारियों को अवगत कराया। एसपी यू उदयकिरण के मार्गदर्शन में आरोपी पुराण सिंह पिता नारायण सिंह 40 वर्ष को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। उसने चरित्र शंका में जंगल में सोई हुई पत्नी पर डंडे से अनेक बार प्रहार कर मारना बताया। घर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए जिला जेल दाखिल कराया गया।
















