KORBA:हाथी के नवजात शिशु की मौत,वन महकमा हरकत में


कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा वन मंडल के जंगल में विचरण कर रहे हाथियों के दल में शामिल गर्भवती हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया। जन्म लेने के साथ ही इस नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसकी जानकारी लगते ही वन अमला हरकत में आ गया है। हालांकि नवजात शिशु के आसपास हाथियों ने डेरा डाला हुआ है जिसके कारण वैधानिक कार्यवाही में वन अमले को दिक्कतें आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है जिसमें से एक मादा ने शुक्रवार की सुबह बच्चे को जन्म दिया पर जन्म के साथ ही बेबी एलीफेंट की मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण दिशा मैदान के लिए गए तब उन्होंने यह देखा कि मादा हाथी जोर-जोर से चिंघाड़ रही है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी जिसके बाद वन मंडल अधिकारी अरविंद पी, एसडीओ, कुदमुरा रेंज अधिकारी सहित अन्य वन विभाग के कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची लेकिन टीम को वैधानिक कार्यवाही करने में परेशानी हो रही है। बताया जाता है कि जिस स्थान पर बेबी एलीफेंट का शव पड़ा हुआ है, उसी से लगभग 500 मीटर दूरी पर उसकी माँ ने डेरा डाला हुआ है। इस बात की आशंका है कि यदि वन अमला मृत बच्चे तक पहुंचा तो कहीं हथिनी आक्रामक ना हो जाए, इसलिए हालातों को परखते हुए कार्य किया जा रहा है।

Advertisement Carousel