राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने आकाशीय बिजली से मृत हुए गौवंशियों के पालकों से की मुलाकात

कोरबा (खटपट न्यूज़)। गाय हमारी माता है, गौमाता की सेवा ईश्वर की सेवा है, गौमाता की सेवा के लिए भगवान को स्वयं धरती पर अवतार लेकर आना पड़ता है। भारतीय संस्कृति की पहचान ही गौमाता की सेवा है।
उक्त बातें छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कोरबा विकासखण्ड के ग्राम सोनपुरी में आकाशीय बिजली से मृत हुए गौवंशियों के पालकों से मुलाकात के दौरान गौठान में कही। उन्होंने सभी पीडि़त पशुपालकों को शासन की ओर से मुआवजा राशि प्रदान की। आयोग के अध्यक्ष ने अधिकारियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर इस आकस्मिक घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने दु:खद घटना के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही पीडि़त पशुपालकों को सांत्वना प्रदान किया। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी प्राकृतिक घटनाओं के प्रति सचेत रहने की बात कही। डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उक्त घटना के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को शीघ्रता से पीडि़तों को राहत पहुँचाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन गौमाता की सेवा के लिए गोधन न्याय योजना जैसे विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। गौठानों में गोबर एवं गौमूत्र की खरीदी कर पशुपालकों एवं किसानों को आय प्रदान कर रही है साथ ही समूह की महिलाएं गोबर से जैविक खाद, कीटनाशक का निर्माण, गोबर पेंट निर्माण जैसे अन्य गतिविधियां कर आत्मनिर्भर बन रही है। इस दौरान उन्होंने गौठान से जुड़ी समूह की महिलाओं से उनके द्वारा की जा रही गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
0 गाज गिरने से 23 गौवंशियों की हुई थी मौत
विगत 26 मई को ग्राम सोनपुरी में बारिश और गरज-चमक के बीच हुए आकाशीय गाज गिरने से 23 गौवंशियों की मौत हो गई थी। जिससे प्रभावित 19 पशुपालकों को आज शासन की ओर से राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास द्वारा मुआवजा राशि वितरित की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती सीमा पुष्पा पात्रे, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा एसपी सिंह, अन्य अधिकारी एवं सरपंच-पंच सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।















