
कोरबा(खटपट न्यूज़)। एसईसीएल गेवरा परियोजना की उर्जानगर कालोनी के मकान नंबर 7 में निवासरत जगजीवन रात्रे की बीती रात घर में हत्या कर दी गई।गेवरा परियोजना में कैटेगरी-1 के पद पर कार्यरत 32 वर्षीय जगजीवन रात्रे की पत्नी ने बताया कि रात्रि लगभग 2 बजे कुछ लोग उनके निवास पर आए। दरवाजा खटखटाने पर जगजीवन राम ने दरवाजा खोला, पत्नी ने पूछा कौन है तब रात्रे ने बताया कि उनके दोस्त आए हैं और पानी मांग रहे हैं।
जगजीवन कथित दोस्तों के लिए पानी लेने भीतर गया और पानी लेकर जैसे ही दरवाजे पर पहुंचा उसी समय उस पर कुल्हाड़ी/टंगिया से चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। जगजीवन दरवाजे की चौखट पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पानी की बोतल घर के बाहर पड़ी मिली।

घटना के वक्त सामने वाले कमरे में मौजूद भयभीत पत्नी बच्चों को लेकर दूसरे कमरे में चली गई। बाद में उसकी गुहार पर पड़ोसियों से होते हुए यह खबर पुलिस तक पहुंची। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह माताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे मौके से कोई हथियार फिलहाल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के खोजी डॉग बाघा को तलब किया गया है, वहीं बिलासपुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी बुलाई गई है। हत्या की वजह और हत्यारों की तलाश कर रही पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है। इस घटना से कॉलोनी और मृतक के परिजनों में शोक मिश्रित सनसनी व्याप्त है।















