
रायपुर(खटपट न्यूज़)। नक्सलियों द्वारा द्वारा किये गए हमले में डीआरजी के 11 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूरी घटना की जानकारी लेते हुए छत्तीसगढ़ सरकार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी शोक संवेदना में कहा है कि दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दुःख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात करके दंतेवाड़ा ज़िले के अरनपुर के पास नक्सली हमले में वीर गति को प्राप्त 10 डीआरजी (ज़िला रिजर्व गार्ड) जवानों की जानकारी ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।















