Monday, March 23, 2026
Home कोरबा देर शाम झमाझम बारिश से ऊर्जाधानी तरबतर,अन्य जिलों में भी बरसात

देर शाम झमाझम बारिश से ऊर्जाधानी तरबतर,अन्य जिलों में भी बरसात

0 मौसम विभाग ने जारी किया है अलर्ट

रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई इलाकों पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक बारिश हो रही है। इस बीच कोरबा जिला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में झमाझम बारिश शुरू हुई। दिन भर बदली छाए रहने के बाद देर शाम बारिश होने से मौसम सर्द हो गया। एकाएक तेज हवाओं के कारण सामान्य जन जीवन भी प्रभावित हुआ और लोग सुरिक्षत ठिकाना तलाश करते नजर आए। मौसम में बदलाव अभी और कायम रहने की चेतावनी दी गई है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट किया गया है। बेमौसम बारिश के कारण विभिन्न सड़कों पर जलभराव की स्थिति निर्मित होने के साथ-साथ निर्माणाधीन सड़कों पर कीचड़ निर्मित होने से सुगम आवागमन में व्यवधान भी उत्पन्न हुआ है। रात 12 बजे से फिर मूसलाधार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम किया,खासकर झुग्गी-झोपड़ी वासियों को।
0 ओलों ने ली दर्जनों बगुलों की जान

मौसम और बारिश का कहर दूसरे जिलों में भी बरपा है। कोंडागांव में रविवार शाम हुई तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने से 30 से ज्यादा बगुलों की मौत हो गई वहीं कई बगुलें घायल हैं।आंधी की वजह से बड़ी संख्या में बगुले जमीन पर आकर बैठे हुए थे।
0 अगले 17 घंटों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट
सोमवार शाम को मौसम विभाग ने आने वाले 17 घंटों के लिए अंधड़, बारिश, बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के बस्तर, बेमेतरा,बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, मुंगेली, नारायणपुर और सुकमा में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने और एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है।
0 इन जिलों में येलो अलर्ट
बालोद, बलौदा बाजार, धमतरी,दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोरबा, कोरिया, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, सूरजपुर, सरगुजा, जिले में एक-दो स्थान पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गयी है।

Advertisement Carousel