Friday, March 27, 2026
Home कोरबा KORBA:मजदूरी के बदले 25 रुपए दर से चावल दे रहा ठेकेदार

KORBA:मजदूरी के बदले 25 रुपए दर से चावल दे रहा ठेकेदार

0 पत्थर तोड़ने वाले मजदूरों ने शपथ पत्र के साथ की शिकायत

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत आने वाले चैतमा वन परिक्षेत्र में डब्ल्यूबीएम सड़क का निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से पत्थर तुड़वाकर ठेकेदार के द्वारा निर्धारित पूरी राशि न देकर आधा-अधूरा और काफी कम भुगतान किया जा रहा है। साथ ही 25 रुपए किलो की दर से चावल देकर पल्ला झाड़ा जा रहा है। यह चावल सरकारी बताया जा रहा है जो गरीबों को निःशुल्क व एपीएल कार्डधारकों को 10 रुपये प्रति किलो की दर से वितरित होता है।
कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र चैतमा के रामाकछार से बगधरा छिंदपानी होते हुए वन मार्ग का निर्माण वन विभाग के कर्मचारियों एवं ठेकेदार पप्पू अग्रवाल के द्वारा कराया जा रहा है। ठेकेदार के द्वारा एक ट्रैक्टर बोल्डरनुमा गिट्टी तोड़ने की मजदूरी 1 हजार रुपए दिया जा रहा है। 2 मजदूर मिलकर 3 दिन तक मेहनत कर एक ट्रैक्टर बोल्डर तोड़ पाते हैं। इस प्रकार एक मजदूर को मात्र 170 रुपए रोजी के एवज में कुछ हजार नगद तथा 25 रुपए प्रति किलो के हिसाब से चावल दिया गया है। शेष मजदूरी की रकम मांगने पर डीएफओ ऑफिस से चेक कटने के बाद दिया जाएगा कहा जाता है। इन मजदूरों ने सत्यापित शपथ पत्र के साथ शिकायत करते हुए न्याय मांगा है। मजदूर सुमेर धनुहार, सूरज धनुहार,बेल प्रसाद राउत,चमार सिंह गोंड़, सूर्या धनुहार, संतराम धनुहार, शिव प्रसाद धनुहार, लक्ष्मण धनुहार, रामायण धनुहार, संतोष धनुहार, राजू धनुहार,बाबूलाल धनुहार ने शिकायत किया है।

Advertisement Carousel