अपने-अपने राम..मेरे राम..शोभयात्रा हाईजैक..!

0 पूरा शहर हुआ राम और भगवामय, चर्चा की हवा कुछ अलग

कोरबा(खटपट न्यूज़)। मर्यादा पुरुषोत्तम अपने अवतरण दिवस पर सार्वभौम राम से अपने-अपने राम और मेरे राम… में परिवर्तित कर दिए गए। ऊर्जा की नगरी कोरबा में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है जब रोम-रोम में बसने वाले राम अपने-अपने राम हो गए हैं। चुनावी वर्ष में राम रूपी नाव पर सवार होकर वैतरणी पार करने की भी कवायदें होने लगी हैं।
हिन्दू नववर्ष का स्वागत के लिए इस बार कोरबा शहर को भव्यतम तरीके से सजाया गया है। 22 मार्च,बुधवार को कोरबा शहर राम मय नजर आएगा। शहर को रौशनी और भगवा मय कर दिया गया है। सर्व हिन्दू समाज द्वारा गूंज हिन्दुत्व की एवं हिन्दू क्रांति सेना के द्वारा दिव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सीतामणी से लेकर कोसाबाड़ी चौक तक हजारों की संख्या में रामभक्त सड़क पर उमड़े नजर आएंगे। दोनों संगठनों के द्वारा मौसम की चेतावनी को स्वीकार करते हुए भव्य शोभायात्रा की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी है। आकर्षक लाईटिंग, तोरण से पूरा शहर जगमगा रहा है और बड़े-बड़े कटआउट और पोस्टरों का भी आकर्षण है।
हिंदू नव वर्ष एवं भगवान राम के जन्मोत्सव की खुशियां जहां चारों ओर बिखरी है वहीं दूसरी तरफ शहर की राजनीति के गलियारे में चर्चा भी काफी गर्म है कि इन आयोजनों को हाईजैक कर लिया गया है। शोभा यात्रा की तिथि आने से पहले भगवान राम से कहीं ज्यादा पोस्टर और बैनर तो राजनेताओं के नजर आने लगे हैं।
चर्चा है कि शुभकामनाओं के बहाने गूंज हिन्दुत्व की और दिव्य शोभायात्रा को एक तरह से नेता हाईजैक कर लिए हैं। पूरा शहर इनके पोस्टर-बैनर व कटआउट से इस तरह पट गया है कि दूसरों के लिए जगह तक नहीं बची है।यह भी चर्चा है कि कांग्रेस का एक धड़ा सर्व हिन्दू समाज के नाम पर भव्य आयोजन करा रहा है हालांकि भाजपा के अनुषंगी संगठन भी इसमें शामिल हैं दूसरी ओर हिन्दू क्रांति सेना स्वतंत्र रूप से अपनी तैयारी करता आया है जिसका उदाहरण देव् दीपावली, हसदेव आरती जैसे सफल भव्य आयोजन हैं। शोभा यात्राओं के बहाने ही सही, सामान्य तरह के विशेष आयोजन को चुनावी वर्ष में कहीं न कहीं राजनेताओं के द्वारा हाईजैक कर लिया गया है।
वैसे आम जन के लिए तो एक ही सार्वभौम राम हैं लेकिन इस समय भगवान राम को अपना-अपना बताने की होड़-सी मची है। जय श्री राम जय-जय श्रीराम के स्थान पर मेरे राम…हर तरफ दिखाई दे रहा है। वैसे इस हाईजैक में श्री राम के नाम का दम भरने वाले भाजपाई अपेक्षाकृत बहुत कमजोर नजर आ रहे हैं। हालांकि दोनों संस्थाओं का उद्देश्य विशुद्ध रूप से हिंदू नव वर्ष का धूमधाम से स्वागत करना और हिंदुत्व की भावना को पुरजोर तरीके से जागृत करना है और इसमें यह दोनों संगठन शत-प्रतिशत सफल भी हो रहे हैं।

Advertisement Carousel