Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा सरोकार:वनवासी 58 बेटियों के हाथ पीले हुए भजनानन्द आश्रम में

सरोकार:वनवासी 58 बेटियों के हाथ पीले हुए भजनानन्द आश्रम में

0 वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य हुए धार्मिक व सामाजिक अनुष्ठान
0 विधायक मोहित सहित गणमान्यजन भी शामिल हुए

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के दूरस्थ वनांचल ग्राम मोरगा स्थित स्वामी भजनानन्द सेवा आश्रम में देवी संपद मंडल द्वारा विष्णु महायज्ञ के 43 वें आयोजन में धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सामाजिक सरोकार भी निभाए गए। यहां इस बार महायज्ञ के अंतिम दिवस 58 वनवासी बेटियों के हाथ पीले किये गए। अब तक 1008 कन्याओं का विवाह सम्पन्न कराया जा चुका है। नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देने परिजनों सहित गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।
कोरबा जिले के सीमांत मोरगा के केंदई में स्वामी भजनानंद आश्रम परिसर में 43 वें विष्णु महायज्ञ का आयोजन 10 मार्च को प्रारंभ हुआ। महायज्ञ में समाज और राष्ट्र कल्याण की कामना से आहुतियां दी गई।

पर्यावरण संरक्षण भी इसका एक अहम उद्देश्य था। देवी सम्पद मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीमद भागवत कथा में वाचकों ने कथामृत का रसपान कराया। महायज्ञ के समापन अवसर पर वनवासी जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। रविवार सुबह विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पुरोहितों ने जोड़ों को परिणय सूत्र में आबद्ध किया। आश्रम में कन्यादान के आयोजन का यह 23 वां वर्ष रहा। इस वर्ष 58 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया।
0 सामूहिक विवाह में पहुंचे विधायक मोहितराम, दिए आशीर्वाद और भेंट

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पाली-तानाखार विधायक मोहितराम केरकेट्टा भी शामिल हुए। उन्होंने वर-वधु को आशीर्वाद दिए तथा प्रत्येक जोड़े को 500-500 रुपये भेंट प्रदान किये। विधायक के साथ गौ सेवा आयोग के सदस्य प्रशान्त मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य भोला गोस्वामी, बजरंग पैकरा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता पवन शर्मा, लक्ष्मी अग्रवाल तथा कांग्रेस कार्यकर्ता सहित वर-वधु के परिजन उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel