Wednesday, September 30, 2026
Home कोरबा गर्मी के मौसम में बारिश ने घोली ठंडक, शीतलहर कंपा रही

गर्मी के मौसम में बारिश ने घोली ठंडक, शीतलहर कंपा रही

रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। मौसम के बदले मिजाज ने गर्मी के महीने में बरसात कर दी है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है वहीं शीतलहर लोगों को कंपाने लगी है।
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बदले मौसम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है। कोरबा में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है। कोरबा के अलावा रायपुर, बिलासपुर, राजनादगांव, कवर्धा, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले सहित अन्य जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव हुआ है।प्रदेश में समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। इसी के कारण राजधानी सहित ऊर्जाधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। आज पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। शुक्रवार की देर शाम और रात में कोरबा सहित बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, यहां दिन भर बदली छाई हुई थी। फिर शाम होने के बाद शहर के अधिकांश इलाको में बारिश शुरु हो गई।
मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। शनिवार की सुबह से शहर में बूंदाबांदी हो रही थी। लोग बारिश का मजा लेते रहे। रूक-रूककर बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है।
0 अंधड़ और वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग ने शनिवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिन से मौसम का अनुमान बिल्कुल सटीक भी निकला है। अब चेतावनी जारी की गई है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कोरिया, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर- चांपा, बेमेतरा, बलोदाबाजार, राजनांदगांव उसके लगे हुए जिलों मे एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। वहीं पेंड्रारोड, कोरबा कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर कोंडागांव व उसके लगे हुए जिलों में एक-दो जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

Advertisement Carousel