रायपुर (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन के आज आखिरी दिन कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महासभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपना दर्द बताया। उन्होंने मंच से कहा आज तक मेरे पास खुद का घर नहीं है।
राहुल गांधी ने अपनी 6 साल की उम्र का एक वाकया सुनाया। उन्होंने कहा कि एक दिन मेरे घर का माहौल काफी गहमागहमी का था। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी से पूछा मां क्या हुआ। तो सोनिया ने कहा कि हम घर छोड़ रहे हैं। मैंने कहा क्यों तो मां ने बताया कि ये हमारा घर नहीं सरकार का घर है। हमें अब यहां से जाना है।
मैंने मां से पूछा कहां जाना है। कहती हैं नहीं मालूम कहां जाना है। मैं हैरान हो गया। मैंने सोचा था वो हमारा घर था। तब से आज 52 साल हो गए मेरे पास घर नहीं है। हमारे परिवार का घर इलाहाबाद था। वहां भी हमारा घर नहीं है। मैं 12 तुगलक लेन दिल्ली में रहता हूं, लेकिन मेरे लिए वो घर नहीं है। मेरा घर तो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मेरे साथ चलता था वो है। वो घर कन्या कुमारी से चला और चलते-चलते जम्मू कश्मीर तक बढ़ गया।
राहुल गांधी ने कहा वर्तमान में हिंदुस्तान की सरकार सावरकर की विचार धारा पर चल रही है। यहां के मंत्री चाइना से कहते हैं आपकी इकोनॉमी हमसे बड़ी है, इसलिए हम आपसे नहीं लड़ सकते हैं। राहुल ने कहा कि क्या इंग्लैड की इकोनॉमी भारत से अधिक थी जो उसने यहां राज किया। उन्होंने कहा देश के मंत्री इस विचारधारा पर चल रहे हैं कि जो आपसे कमजोर है उसको मारो। जो आपसे मजबूत है उसके सामने झुक जाओ।
राहुल गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा पार्लियामेंट हाउस में प्रधानमंत्री से एक सवाल पूछा था। गौतम अडानी से आपके रिश्ते क्या हैं। आपका उससे क्या संबंध है। आखिर 609 नंबर पर रहने वाली कंपनी अचानक देश में दूसरे नंबर तक कैसे पहुंच गई। आपकी जितनी भी विदेशी नीतियां है सब जगह अडानी को ही क्यों फायदा मिलता है। इंग्लैंड में दबाव डालकर उसे कांट्रैक्ट दिलाया जाता है। संसद में एक फोटो दिखाते हुए पूछा कि इस फोटो में मोदी जी अडानी के प्लेन में रिलैक्स करते दिख रहे हैं। आखिर दोनों के बीच रिश्ता क्या है। सवाल पूछते ही पूरे मंत्री और पूरी सरकार अडानी की रक्षा करने लग गई। उन्होंने यहां तक कहा कि जो अडानी पर आक्रमण करता है वो देश द्रोही है।
ईस्ट इंडिया कंपनी से की मोदी की तुलना
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी और गौतम अडानी की कंपनी की तुलना ईस्ट इंडिया से की। उन्होंने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में राज किया। यहां का पूरा धन और संपदा अपने साथ ले जा रही थी। हुआ क्या देश के लोगों ने उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी। आज फिर से इतिहास दोहरा रहा है। नरेंद्र मोदी और अडानी की कंपनी देश की सारी संपदा और धन हथिया रहे हैं। इसलिए देश पर खतरा आएगा तो कांग्रेस खड़ी होगी और लोगों के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में मोदी और अडानी एक मंच पर दिखते हैं वहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अडानी को एक बिलियन डॉलर का कर्ज देता है। क्या लेना देना है मोदी का अडानी से। ये साबित करता है कि ये दोनों एक हैं।
राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चार महीने तक कन्या कुमारी से श्रीनगर तक की गई भारत जोड़ो यात्रा की यादें साझा की। उन्होंने बताया कि इस यात्रा से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। पंजाब में एक मैकेनिक आकर उनसे मिला। जैसे ही राहुल ने उसका हाथ पकड़ा उन्होंने उसके सालों के दर्द को जान लिया। इसी तरह उनके साथ किसानों के साथ मिलकर हुआ।