0 फ्री एंटी रैबिज वैक्सीनेशन भी किया जाएगा

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा कैनाइन क्लब के द्वारा जिले में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर का डॉग शो आयोजित होने जा रहा है। डॉग शो के आयोजक आशीष तिवारी ने बताया कि कोरबा में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर का डॉग शो आज 11 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे से रात 8.30 बजे तक दशहरा मैदान फेस-1 में आयोजित होगा। डॉग शो के दौरान फ्री एंटी रैबिज वैक्सीनेशन किया जाएगा। डॉग शो में भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर के पशु चिकित्सकों को भी बुलाया गया है। डॉग शो 2 कैटेगरी प्रोफेशनल और नॉन प्रोफेशनल ग्रुप में होगा। प्रोफेशनल में वे डॉग शामिल होंगे जो पहले से प्रशिक्षित रहते हैं। नॉन प्रोफेशनल में बिना प्रशिक्षण वाले सामान्य डॉग शामिल हो सकते हैं। आशीष तिवारी ने बताया कि आजकल लोग घरों में डॉग तो पालते है लेकिन उनके डॉग को पालने का सही तरीका नहीं पता रहता है। डॉग शो के दौरान लोगों को डॉग पालने के प्रति जागरूक किया जाएगा। नि:शुल्क टीकाकरण के दौरान शहर के घुमंतु कुत्तों का भी वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह जानकारी सामने आई है कि जिले में बीमार और पागल कुत्तों की देख-रेख एवं ईलाज के लिए कोई सुविधा अथवा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है जबकि कांजी हाऊस की तर्ज पर ऐसी सुविधा होनी चाहिए।















