Friday, March 27, 2026
Home कोरबा रेत के अवैध परिवहन में सोल्ड ट्रैक्टर पकड़ाया

रेत के अवैध परिवहन में सोल्ड ट्रैक्टर पकड़ाया

कोरबा(खटपट न्यूज़)। सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत आने वाले गेरवा घाट से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन कार्य में लगे एक बिल्कुल सोल्ड ट्रैक्टर को खनिज विभाग की टीम ने आज दोपहर पकड़ा है। रेत से भरे ट्रैक्टर को अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग के कर्मियों द्वारा कलेक्ट्रेट ले जाया गया है जहां यह वाहन मौजूद है। इसे रफा-दफा कराने वाले लोग सक्रिय हैं।

बताया जा रहा है कि खनन की अनुमति प्राप्त गेवरा घाट – 2 रेत खदान की आड़ में दूसरी साइड से रेत की चोरी और परिवहन हो रहा है। इस कार्य में दर्जनों वाहन लगाए गए हैं जो एक अनुमति पर्ची की आड़ में दर्जनों वाहन पार कर रहे हैं। इस पकड़े गए वाहन का कागजात भी अभी जारी नहीं होना बताया जा रहा है, और रेत के अवैध परिवहन में लगा दिया गया। इसी तरह भिलाई खुर्द में भी हसदेव नदी रेत चोरों की चपेट में है।
सूत्र बताते हैं कि खनिज विभाग के 2 कर्मचारियों की इन रेत चोरों से सांठगांठ है जिनके द्वारा अपने अधिकारियों को भी गुमराह कर सब कुछ ओके बताया जाता है और यदि कोई कार्रवाई करनी होती है तो इसकी सूचना पहले ही संबंधित लोगों को दे दी जाती है। जब खनिज टीम पहुंचती है तो वहां कुछ नजर नहीं आता। फिलहाल पकड़े गए ट्रैक्टर के बारे में जानकारी प्राप्त करने खनिज अधिकारी प्रमोद नायक से संपर्क करने का प्रयास किया गया किंतु फोन कवरेज से बाहर बताता रहा।

Advertisement Carousel