0 इंदिरा स्टेडियम में आम सभा को संबोधित किया

कोरबा(खटपट न्यूज)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि 2024 के चुनाव से पहले प्रयास होगा कि समस्त देश नक्सलवाद की चपेट से मुक्त हो जाए। हमने हथियार उठाने वाले युवाओं को रोजगार दिया और जिनके हाथ में हथियार थे उनको समाप्त करने का काम किया।
प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलियों का गढ़ रहा, लेकिन भाजपा की सरकार ने नक्सलमुक्त करने की दिशा में काम किया। वर्ष 2009 में देश भर में 2258 नक्सल की घटनाएं हुई जो 2021 में घटकर 509 रह गई है।

गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 15 साल में छत्तीसगढ़ में बहुत काम किया। माताओं के पैर में हवाई चप्पल से लेकर घर-घर में बिजली देने का काम किया। राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार, बलात्कार, खून-खराबा बढ़ाने वाली सरकार है। कांग्रेस ने 70 साल तक गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी तो नहीं हटी, गरीब हटना शुरू हो गए। आठ साल में केंद्र की मोदी सरकार ने घर-घर में शौचालय बनवाकर माता-बहनों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया। 10 करोड़ से ज्यादा ग्रामीण व शहरी गरीबों को घर देने का काम किया, उन्हें गैस चूल्हा दिया। 130 करोड़ लोगों को मुफ्त में कोरोना टीका के दोनों डोज लगवाकर सुरक्षित किया। हर गरीब को 5 लाख तक का मुफ्त ईलाज भाजपा की सरकार ने दिया। इससे पहले श्री शाह का मंच पर महामाला और हल भेंट कर स्वागत किया गया।
0 दूसरा इंजन छत्तीसगढ़ का लगाना है
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए दूसरा इंजन छत्तीसगढ़ का लगाना है। वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार और 2024 में फिर से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।
0 बीमारू राज्य से बाहर निकाला प्रदेश को
अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश को लोग बीमारू राज्य मानते थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य गठित किया और भाजपा की सरकार ने 15 साल में छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य से विकसित राज्य की ओर अग्रसर करने का काम किया।
0 गरीब की बेटी बनी राष्ट्र्पति
श्री शाह ने कहा कि भाजपा ने पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विकास व रोजगार के लिए कार्य किए हैं। संविधान बनने से अब तक कोई आदिवासी देश की राष्ट्रपति नहीं बना लेकिन संथाल जनजाति की गरीब बेटी द्रौपदी मुर्मु को महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू बनाया। वे आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत देश की ओर से बातें करती हैं।
0 जनजातिय विकास के लिए 21 हजार करोड़ दिए
गृहमंत्री ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग और आदिवासियों को भाजपा ने रोजगार दिया। नीट, नवोदय, परीक्षा, सैनिक भर्ती की परीक्षा में 27 प्रतिशत आरक्षण दिया। वर्ष 2014 में भाजपा ने जनजातिय विकास के लिए 21 हजार करोड़ का बजट वर्ष 2021-22 में 4 गुना से अधिक 86 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया।
0 कमिश्नर-आईजी ने किया स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोरबा आगमन पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हेलीपेड पर पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।बिलासपुर संभागायुक्त डॉ. संजय अलंग, पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर संजीव झा, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह सहित विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल आदि ने स्वागत किया।
0 नवीन पटेल ने गुजराती में दिया परिचय

इंदिरा स्टेडियम के अस्थाई हेलीपेड पर जिला भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री नवीन पटेल ने गृहमंत्री अमित शाह को गुलाब का फूल भेंट किया। श्री पटेल ने श्री शाह को गुजराती में अपना परिचय दिया जिससे श्री शाह अभिभूत नजर आए।















