Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा किस्मत और फाटक ने दिया पुलिस का साथ,पकड़े गए 3 तस्कर

किस्मत और फाटक ने दिया पुलिस का साथ,पकड़े गए 3 तस्कर

कोरबा(खटपट न्यूज़)। उरगा पुलिस और सायबर टीम को किस्मत और रेलवे फाटक ने साथ दिया तो गांजा की तस्करी में संलिप्त तीन लोग बड़ी खेप के साथ पकड़े गए। उरगा-भैंसमा मार्ग में इन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई थी लेकिन गांजा तस्कर वहां से आगे आकर रेलवे फाटक बंद होने के कारण उरगा में फंसे थे। समय पर इसकी भी सूचना मिल गई और फाटक खुलने से पहले टीम ने इन्हें दबोच लिया।

जानकारी के मुताबिक उरगा थाना प्रभारी निरीक्षक सनत सोनवानी एवं सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा की बड़ी खेप लेकर कोरबा लाया जा रहा है। करतला से भैंसमा-उरगा होते हुए कोरबा में झारखंड पासिंग की कार जा रही है। इन्हें पकड़ने के लिए भैंसमा मार्ग में घेराबंदी की गई। इस बीच सूचना मिली कि उक्त कार उरगा रेलवे फाटक के बंद होने के कारण रास्ते में खड़ी है। टीम तत्काल भैंसमा से निकलकर उरगा फाटक पहुंची और घेराबंदी कर इंडिगो कार क्रमांक जेएच-15 एच 3032 को दबोचा। कार की डिक्की में छोटे-बड़े 31 लिफाफे मिले जिनमें गांजा रखा गया था। निरीक्षक सनत सोनवानी ने बताया कि कार से कुल 21.200किलो गांजा बरामद हुआ है जिसकी कीमत 2 लाख 12 हजार रुपए है। आरोपी पतित महतो पिता बजेर महतो 24 वर्ष निवासी मेदिनीपुर पश्चिम बंगाल, धुपन कुमार पिता अनारस कुमार राय यादव 23 वर्ष निवासी बस्ती जलाल छपरा व संदीप बाघ पिता केशव बाघ 25 वर्ष निवासी लेन्द्रमाल उड़ीसा को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया।
इन्हें पकड़ने में निरीक्षक सनत सोनवानी, मनीष नागर, एसआई आनंद साहू, एएसआई रामकुमार उईके, बलीराम निराला, अजय सिंह, प्रधान आरक्षक चक्रधर राठौर, आरक्षक बसंत भैंना, घनश्याम कंवर, विकास कोसले, विपिन बिहारी नायक, विरेन्द्र पटेल, योगेश राजपूत, सुशील यादव, विष्णु पाटले की अहम भूमिका रही।

Advertisement Carousel