KORBA:सिर में चोट,चेहरा लहूलुहान और फंदे पर मिली महिला की लाश

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के पश्चिमांचल दीपका थाना अंतर्गत ग्राम तिवरता-झाबर मार्ग में आज दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव से लगे कोसाबाड़ी में एक महिला की फांसी के फंदे पर लटकी हुई रक्तरंजित लाश देखी गई। मृतका की पहचान ग्राम झाबर के आमापारा मोहल्ले की रहने वाली जैत कुंवर पति स्वर्गीय शंकर कंवर 44 वर्ष के रूप में की गई है। गमछे के सहारे लगाए गए फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली लाश के घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर उसका चप्पल पड़ा हुआ था। उसके सिर पर चोट होने से सिर फटा हुआ और मुंह पर खून तथा बाल बिखरे हुए थे। आसपास चूड़ी भी टूटी हुई मिली है। चोट के आधार पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है लेकिन प्रारंभिक तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। सूचना उपरांत मौके पर दीपका पुलिस पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल पर पुलिस के खोजी डॉग खोज बाघा को भी तलब किया गया था जिसने कुछ जानकारियां हासिल कर पुलिस को उपलब्ध कराई है। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह ने कहा है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है लेकिन उसके सिर पर चोट के मद्देनजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसमें मौत के कारण का पता चलने उपरांत विवेचना आगे बढ़ाई जा सकेगी। बताया जा रहा है कि मृतका मानसिक तौर पर कुछ कमजोर भी थी। उसके दो बच्चे हैं जो अलग रहते हैं।

Advertisement Carousel