Saturday, August 15, 2026
Home कोरबा KORBA:4 महिलाओं से हुई चैन स्नेचिंग,महिलाओं का चोर गिरोह सक्रिय

KORBA:4 महिलाओं से हुई चैन स्नेचिंग,महिलाओं का चोर गिरोह सक्रिय

पीड़िता

कोरबा(खटपट न्यूज़)। आयोजन में समिति द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार करने का फायदा चोरों का गिरोह उठा रहा है। 24 घंटे के भीतर 4 महिलाएं चैन की झपटमारी का शिकार हो चुकी हैं। शनिवार की शाम एक वृद्धा शिकार हुई तो रविवार को दोपहर से देर शाम के मध्य 3 महिलाओं की चेन गले से झपट ली गई।
सभी वारदात कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना व हरदीबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम हरदीबाजार के भाठापारा में ग्राम समिति द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं तीन दिवसीय मड़ई मेला में हुई है। मेला के आयोजन में अव्यवस्था का आलम है। भीड़भाड़ के बीच दोपहिया व चारपहिया वाहनों के भी प्रवेश कर जाने से पैदल आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी सक्रिय हैं।

शनिवार को मेला प्रारंभ होने के बाद से शुरू हुई भीड़ भाड़ का फायदा उठाया जा रहा है। हरदीबाजार बस स्टैंड में बस से उतरते हुए एक बुजुर्ग महिला के गले से चोर महिला हार खींच कर रफूचक्कर हो गई। आज रविवार को मेला में घूमने पहुंची एक महिला के गले से दोपहर करीब 3 बजे चेन की झपटमारी हो गई। उसके बताए अनुसार दो महिलाओं ने गले से हार को झटका और मेले की भीड़ में गुम हो गईं।

पीड़िता

इस वारदात के कुछ घंटे बाद ही रात करीब 8:30 से 9 बजे के मध्य दो और महिलाओं के साथ चैन की झपटमारी हुई। बाकीमोगरा निवासी श्रीमती झुनू बारिक और हरदी बाजार निवासी पवित्रा बाई तंवर के गले से क्रमशः एक और डेढ़ तोला वजन मंगलसूत्र की झपट मारी हुई है। क्षेत्र की जनपद सदस्य प्रभा राय सिंह तंवर ने मेला में व्याप्त अव्यवस्था और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था नहीं कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि मेला का आयोजन से पहले समिति को सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखना चाहिए था। बताया जा रहा है कि आयोजन समिति के द्वारा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है।

Advertisement Carousel