0 घर से मिले आपत्तिजनक और संदेही के सामान, हत्यारे पर सस्पेंस

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले में सिटी कोतवाली के अधीन सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत पंप हाउस कॉलोनी में दिनदहाड़े युवती की उसके घर में काफी निर्दयतापूर्वक हत्या कर देने के मामले में पुलिस की तफ्तीश जारी है। घटनास्थल से आपत्तिजनक सामान सहित अज्ञात पुरुष के कपड़े और एक थैला बरामद हुआ है। हत्या में प्रयुक्त एक सूजा( छेदने के काम में आने वाली नुकीली वस्तु) भी बरामद किया गया है।
प्रारंभिक तौर पर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक युवती का पिता, मां और भाई सुबह 8 बजे कामकाज के सिलसिले में घर से निकल गए थे। भाई नितेश दोपहर करीब 12 बजे घर पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुलने पर घर के पीछे गया। पीछे का दरवाजा खुला हुआ था और भीतर जाने पर बहन को रक्तरंजित हालत में पाया। सूचना पर डायल 112 की टीम घटनास्थल पहुंची और युवती को जीवित होने की उम्मीद में अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर कोतवाली व सीएसईबी चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची। अज्ञात हत्यारे का सुराग तलाशने के लिए खोजी डॉग बाघा की भी मदद ली गई।
तफ्तीश के दौरान घटनास्थल से पुलिस ने एक शर्ट, अंडरवियर, एक जोड़ी जूता और एक थैला बरामद किया है जिसके बारे में माना जा रहा है कि असहज परिस्थितियों में भागते वक्त उक्त युवक यहां अपने यह सामान छोड़ गया और अर्धनग्न हालत में भागा। थैले में 3 नग नया पेचकस, एक सूजा और ब्लेड का नया पैकेट रखा हुआ था। दूसरा सूजा रक्तरंजित हालत में मिला जिसका उपयोग हत्या में किया गया था। पुलिस ने इन सभी सामानों को ज़ब्त कर लिया है। कहा जा रहा है कि जिस किसी ने भी युवती की हत्या की है वह उससे काफी आक्रोशित था और गुस्से में सीने पर ताबड़तोड़ 18 बार वार किए गए। इस पर भी मन नहीं भरा तो उसकी मौत को पुख्ता करने के लिए मुंह पर तकिया रखकर दम घोंटा गया।
बहरहाल खोजी डॉग बाघा ने घटनास्थल से सुराग तलाशते हुए कॉलोनी के चौक तक दौड़ लगाकर आरोपी के आने-जाने का रास्ता बताते हुए कुछ महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। सुराग और कड़ियों को पिरोकर पुलिस हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है। इस पूरे मामले को प्रारंभिक तौर पर प्रेम त्रिकोण से जोड़कर देखा जा रहा है, साथ ही दूसरे पहलुओं और संभावनाओं पर भी पुलिस की जांच हो रही है। हत्यारे को लेकर सस्पेंस यह भी है कि कपड़े छोड़कर भागा युवक ही हत्यारा है या फिर किसी और ने आक्रोश में हत्या को अंजाम दिया है।














