Wednesday, April 8, 2026
Home कोरबा KORBA:PDS से मिलेगा सिर्फ चावल,शक्कर-चना-नमक के लिए जाना होगा अपनी दुकान…जानें क्यों

KORBA:PDS से मिलेगा सिर्फ चावल,शक्कर-चना-नमक के लिए जाना होगा अपनी दुकान…जानें क्यों

0 सरकारी खाद्यान्न वितरण में कम नहीं हो रही गरीबों की परेशानी
कोरबा(खटपट न्यूज़)। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न हासिल करने में आ रही दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तकनीकी कारणों के साथ-साथ सर्वर डाऊन होने की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को एक नई परेशानी उठानी पड़ रही है। अब अपने कार्ड का शक्कर, चना और नि:शुल्क नमक लेने के लिए मूल राशन दुकान में ही जाना होगा।

शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से सस्ता खाद्यान्न वितरण के लिए कोर पीडीएस सिस्टम लागू किया गया है तो वहीं केंद्र सरकार ने एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड की योजना प्रारंभ की है। इसके तहत कोई भी कार्डधारक अपने क्षेत्र की उचित मूल्य दुकान के अलावा दूसरे क्षेत्र की दुकान से राशन आसानी से प्राप्त कर सकता है। विगत महीनों में दिक्कत तब आई जब कोरोना लॉकडाउन के कठिन वक्त में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत प्रति सदस्य 5-5 किलो अतिरिक्त चावल देने का ऐलान हुआ लेकिन यह चावल कोर पीडीएस से नहीं जोड़े जाने के कारण हितग्राहियों को अतिरिक्त चावल के लिए अपने मूल पीडीएस दुकान में जाना पड़ा या चावल छोड़ना पड़ा। अतिरिक्त चावल वितरण में व्याप्त खामियां किसी तरह से जुलाई-अगस्त माह में दूर हुई।
अब एक नई दिक्कत हो गई है जिसमें दूसरे क्षेत्र/उचित मूल्य दुकान के कार्डधारक को पूर्व की भांति किसी भी उचित मूल्य की दुकान से पूरा-पूरा राशन प्रदाय करने पर रोक लगा दी गई है। दूसरे क्षेत्र की दुकान से राशन लेने वाले कार्डधारक को सिर्फ चावल आबंटित किया जाएगा और शक्कर, चना, नमक, मिट्टी तेल लेने के लिए अपने क्षेत्र की मूल उचित मूल्य की दुकान में जाना होगा जहां से उसका राशन कार्ड बना है। नवंबर माह तक पुरानी व्यवस्था में पूरा खाद्यान्न बांट चुके उचित मूल्य दुकान के संचालकों को हाल ही में मौखिक निर्देश खाद्य विभाग द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से दिया गया है कि वे अपने कार्डधारकों को ही पूरा-पूरा राशन चावल, शक्कर, चना, नमक वितरण करें और दूसरे क्षेत्र के कार्डधारकों को सिर्फ चावल दें। खाद्य अधिकारी जेके सिंह ने बताया कि इस संबंध में उचित मूल्य दुकान के संचालकों को मौखिक निर्देश दिया गया है।
0 अतिरिक्त शक्कर, चना का आबंटन नहीं
उचित मूल्य दुकानों के संचालकों ने बताया कि नवंबर माह तक पुराने बचत का शक्कर, चना और नमक सभी कार्डधारियों को बांटा गया। अब अगर यही व्यवस्था चली तो अपने दुकान के कार्डधारकों के ही वंचित होने की नौेबत आ जाएगी इसलिए दूसरे क्षेत्र के कार्डधारकों को मात्र चावल देकर बाकी राशन मूल दुकान से लेने कहा जा रहा है। कार्डधारकों के द्वारा पूर्व वितरण का हवाला देकर बहसबाजी तो की जा रही है लेकिन कोई विकल्प संचालकों के पास नहीं है। उन्हें नागरिक आपूर्ति निगम के हवाले से कहा गया है कि अतिरिक्त चना, शक्कर, नमक प्रदाय नहीं किया जाएगा इसलिए वितरण में सावधानी रखें। इधर पीडीएस संचालकों में संशय है कि उन्होंने विलंब से मिले निर्देश से पहले जो खाद्यान्न वितरण कर दिया है, उसकी शॉर्टेज निकली तो दिक्कत हो जाएगी। अभी नवंबर माह का राशन सर्वर संबंधी समस्या के कारण 15 दिसंबर तक बांटा गया है।
0 जनवरी तक सब कुछ सामान्य हो जाएगा : राठौर
नागरिक आपूर्ति निगम के प्रोग्रामर एसएन राठौर ने बताया कि इस संबंध में रायपुर मुख्यालय से ही निर्देश दिए गए हैं। स्टॉक में शक्कर व चना की कमी होने के कारण पूर्व की व्यवस्था को कुछ समय के लिए बंद किया गया है। उचित मूल्य दुकान के संचालकों को कहा गया है कि वे अपने कार्डधारकों को ही चना, शक्कर व नमक प्रदान करें। श्री राठौर ने कहा है कि संभवत: जनवरी तक सब कुछ सामान्य और पहले जैसा हो जाएगा।

Advertisement Carousel