0 ग्राम पाथा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल हुए विधायक

कोरबा(खटपट न्यूज़)। पाली-तानाखार के विधायक मोहित राम केरकेट्टा पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के अंतिम छोर ग्राम पाथा में आयोजित हो रहे कबड्डी प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।क्षेत्र के जनपद सदस्य व विधायक प्रतिनिधि गनेश्वर पुरी (भोला) गोस्वामी, पंचायत प्रतिनिधियों के द्वारा विधायक का स्वागत किया गया। श्री केरकेट्टा के द्वारा युवा कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ शासन की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। युवा कबड्डी खिलाड़ियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।

विधायक ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा राज्य के प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए हितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ-साथ छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपराओं को भी समृद्ध किया जा रहा है। उनके द्वारा छत्तीसगढ़ के परंपरागत खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत की गई है। इस ओलंपिक में गांव से लेकर शहर के युवाओं ने अपने प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया है। गिल्ली-डंडा, बांटी-भौंरा से लेकर खो- खो, कबड्डी जैसे खेल में युवाओं और महिला वर्ग ने काफी रुचि दिखाई। कोरबा जिले में भी एक से बढ़कर एक खेल प्रतिभाएं ग्रामीण अंचलों में मौजूद हैं। उन्हें उचित अवसर और मंच प्रदान करने की जरूरत है। इन्हें आगे बढ़ाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विधायक के द्वारा विजेता टीम को पुरस्कार वितरण किया गया। इस दौरान क्षेत्र के जन प्रतिनिधि, कार्यकर्तागण, पंचायत के सरपंच,सचिव, राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण उपस्थित थे।















