कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिला शिक्षा विभाग के अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सलिहाभाटा स्थित माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक एलबी चूड़ामणि प्रताप सिंह शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं। उनकी इस हरकत से विद्यालय का वातावरण खराब होने के साथ-साथ बच्चों में भी भय व्याप्त रहता है।

शराबी शिक्षक पर कार्यवाही के लिए कई बार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को पत्र व्यवहार किया गया है लेकिन आज पर्यंत कार्रवाई संभव नहीं हो सकी है। 11 नवंबर 2022 को भी बीईओ कार्यालय से एक पत्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्रेषित किया गया जो 14 नवंबर को रिसीव हुआ लेकिन 14 दिन बाद भी शराबी शिक्षक पर कार्यवाही नहीं हो सकी है। विद्यालय के प्रधान पाठक से लेकर सरपंच, नोडल, संकुल शैक्षिक समन्वयक ने भी इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया है।

इधर दूसरी ओर एक शराबी प्रधान पाठक और सहायक शिक्षक पर निलंबन की गाज गिरी है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वारा प्रधान पाठक राजकुमार राज शासकीय प्राथमिक शाला विश्रामपुर विकासखंड कोरबा को हमेशा शराब का सेवन कर विद्यालय आने के कारण निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय करतला नियत किया गया है। इसी तरह कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा आदेश जारी कर कटघोरा एसडीएम से प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार सहायक शिक्षक आसिफ खान, प्राथमिक शाला कसनिया कटघोरा को निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण कार्य में अरूचि व घोर लापरवाही बरतने तथा निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारी से दुर्व्यवहार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।















