Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा कौन खरीद रहा चोरी का ताम्बा,लाखों का ताम्बा बिक गया,अब लकीर पीट...

कौन खरीद रहा चोरी का ताम्बा,लाखों का ताम्बा बिक गया,अब लकीर पीट रहे

0 आईटी कॉलेज के बाद बन्द पावर हाऊस में लाखों की चोरी,हल्ला डेढ़ करोड़ की चोरी का

कोरबा(खटपट न्यूज़)। ऊर्जा की नगरी चोरों के लिए सोने की खदान बनी हुई है। लगातार हो रही बाईक चोरियों, गौठानों से हो रही चोरी, भारी मालवाहन व कार चोरी के मामले अनसुलझे हैं। इस बीच आईटी कॉलेज झगरहा के बंद पड़े पावर ट्रांसफार्मर और अब बंद पड़े सीएसईबी कोरबा पूर्व के पावर प्लांट से लाखों रुपए कीमत का तांबा और उपकरण चोरी हो गया। आईटी कॉलेज के ट्रांसफार्मर से तांबा और उपकरण चोरी होने की रिपोर्ट 2 महीने बाद लिखाई गई और चोरों ने तांबा बेच भी दिया लेकिन पुलिस अब तक लकीर पीट रही है।

पावर प्लांट से चोरी करने के बाद सामान समेट रहे चोरों में से 3 लोग पकड़े गए जबकि मुख्य आरोपी व साथी चोरी का माल वाहन में लोड कर फरार हो गए। इनकी धर पकड़ के लिए कोई नाकाबंदी नहीं कराई गई,अगर कराते तो कहीं न कहीं पकड़े ही जाते। सीएसईबी चौकी पुलिस पहुंची भी तो ऐसे कि झाड़ियों में मौजूद लोगों को पैदल सामान ले जाते वक्त दौड़ाकर पकड़ा गया। 6-7 टन ताम्बा चोरी हुआ है और बाकी सामान अलग। ताम्बा की ही कबाड़ में कीमत लगभग 6 से 7 लाख होती है और अन्य कीमती उपकरणों की भी कीमत लाखों में संभावित है लेकिन चोरी महज 3 लाख की होना दर्ज कराया गया है जो भी संदेह के दायरे में है। सूत्रों के मुताबिक चर्चा इस बात की है कि बंद पावर प्लांट के डिस्मेंटल से निकल रहे तांबा और कीमती उपकरण जो चोरी किए गए हैं, उसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए है। राजधानी रायपुर के एक कद्दावर जनप्रतिनिधि के द्वारा इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई है और डीजीपी से लेकर आईजी ने इसे गंभीरता से लिया है। फरार मुख्य आरोपी राजा खान और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए गए हैं। राजा खान के पकड़ में आने और सामानों की बरामदगी होने के बाद सही कीमत का अंदाजा लगेगा लेकिन जिस तरह से सामानों को चोरी कर ले जाना बताया जा रहा है उसकी अपेक्षा कीमत काफी कम दर्ज कराई गई है। घालमेल कहां हुआ है यह तो रहस्यपूर्ण है लेकिन इतना तो तय है कि ऊर्जाधानी चोरों के निशाने पर है। यहां का कीमती सामान बेखौफ होकर खपाया जा रहा है। कुसमुंडा और कटघोरा क्षेत्र के दो कबाड़ियों को पुलिस ने हाल ही में चोरी का तांबा बेचने और खरीदने के मामले में गिरफ्तार किया है। छुरी का कबाड़ी तो महंगे कार में चोरी का तांबा लेकर बेचने के लिए जाते वक्त पकड़ा गया। नि:संदेह इनका नेटवर्क इन चोरों से भी मिला हो सकता है जो इतनी बड़ी मात्रा में ताम्बा खपाने का काम कर रहे हैं। वैसे कबाड़ का धंधा अवैध नहीं लेकिन इसकी आड़ में चोरी का माल खूब खप रहा है। नाक के नीचे कुसमुंडा, दीपका, कटघोरा और छुरी के नामचीन कबाड़ियों का भीतर ही भीतर खूब जलवा है।
0 रात 12 बजे हथियारबंद चोरों ने की वारदात
डिसमेल्ट हो रहे सीएसईबी पावर प्लांट में घटना 18-19 नवंबर की रात लगभग 12.15 बजे की है। टरबाईन के पास मेटल रुम में तैनात सुरक्षाकर्मी रामाशीष निषाद, सालिकराम एवं कैलाश नाथ जायसवाल को हथियार लेकर पहुंचे आधा दर्जन से अधिक वारदातियों ने बंधक बनाया और मेटल रूम का ताला तोड़कर तांबा के पट्टी, पाईप, केबल वायर एवं ब्रास का गरारी, कॉपर का बंडल सहित करीब 6-7 टन तांबा पार कर दिया। वारदातियों के चले जाने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने घटना की जानकारी प्लांट से स्क्रैप मटेरियल निकालने में लगी कंपनी चिनार स्टील सेग्मेंट प्रायव्हेट लिमिटेड के अधिकारियों को दी। कंपनी की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। सीएसईबी सहायता केंद्र की पुलिस टीम ने वारदातियों की तलाश शुरू की। प्लांट के किनारे झाड़ियों में रखे सामान को ढोते हुए कुछ लोग नजर आए जिन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया। रन सिंह, रोशन कुमार व दिलेश्वर पकड़ में आ गए जबकि अन्य लोग भाग निकले आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कसमुण्डा निवासी राजा खान के लिए काम कर रहे थे। 500-1000 रुपए देने की बात कहकर इन्हें 200 मेगावाट पावर प्लांट के भीतर रखे सामानों की चोरी के लिए लाया गया था। राजा खान पूर्व में कोयला खदानों में उनसे डीजल चोरी करवाता था। उक्त काम बंद होने के बाद वह प्लांट व अन्य जगहों पर चोरी करवाने लगा है। राजा खान और उसके अन्य साथी 6-7 टन तांबा और अन्य कीमती सामानों को वाहन से लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।

Advertisement Carousel