Tuesday, April 7, 2026
Home कोरबा खबर का असर:फरसवानी में सीसी रोड निर्माण शुरू,मिलेगी राहत

खबर का असर:फरसवानी में सीसी रोड निर्माण शुरू,मिलेगी राहत

कोरबा (खटपट न्यूज)। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत फरसवानी में बहुप्रतीक्षित सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। इस मामले में शिथिल रवैया अपनाए जाने की जानकारी होने पर खटपट न्यूज़ ने प्रमुखता से समाचार का प्रसारण किया। करतला जनपद की सीईओ रुचि शार्दुल ने इसे गंभीरता से लिया और स्वयं मौका मुआयना कर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के संबंध में निर्देश जारी किए थे। निर्देश के पालन में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया है।

जल्द ही निर्माण पूर्ण हो जाने उपरांत ग्रामीणों को चलने के लिए पक्की सड़क मिल जाएगी। हालांकि निर्माण की गुणवत्ता बीच-बीच में परखना जरूरी है क्योंकि इससे पहले ग्राम पंचायत फ़रसवानी में होने वाले निर्माण कार्य सवालों के घेरे में रहे हैं।


बता दें कि वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद अंतर्गत विभिन्न कार्यों की स्वीकृति दी गई है। ग्राम फरसवानी में फुलझर रोड चौक से हरनारायण अश्वनी घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत है। निर्माण की पहली किस्त का आहरण 26 जून 2022 को कर लेने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया था। सीसी रोड की राशि 10 लाख में से 40 फीसदी रकम आहरण कर लेने के 4 माह बाद भी रेत, गिट्टी आदि उक्त स्थान पर नहीं गिराया जा सका था। खटपट न्यूज ने यह मामला पिछले दिनों प्रकाश में लाया जिसे करतला जनपद पंचायत की सीईओ डिप्टी कलेक्टर रुचि शार्दुल ने गंभीरता से लेकर स्वयं उक्त मौका स्थल पर पहुंचकर सड़क की हालत को देखा और नाराजगी भी जाहिर की थी।

Advertisement Carousel