Tuesday, April 7, 2026
Home कोरबा KORBA:202 जोड़ों ने किया तुलसी-शालिग्राम का सामूहिक विवाह

KORBA:202 जोड़ों ने किया तुलसी-शालिग्राम का सामूहिक विवाह

0 पहली बार हुआ भव्य और ऐतिहासिक आयोजन, धूमधाम से निकली ठाकुर जी की बारात में उमड़े नगरजन

कोरबा(खटपट न्यूज़)। देवउठनी एकादशी के अवसर पर कोरबा जिला ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ में पहली बार भव्य आयोजन कर तुलसी-शालिग्राम का विवाह कराया गया। इसमें 202 जोड़े शामिल हुए। भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली गई जिसमें नगरजन झूमते-नाचते शामिल हुए। आयोजन में कोरबा ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से भी भक्त शामिल हुए।

देवउठनी एकादशी पर श्री श्याम मित्र मंडल के द्वारा सामूहिक तुलसी विवाह एकादशी उद्यापन का आयोजन किया गया। उद्यापन का पूजन, ब्राह्मण भोज, फलाहार एवं तुलसी रसोई के उपरांत श्री श्याम मंदिर मिशन रोड से ठाकुर जी की बारात निकाली गई। दोपहर के वक्त निकली बारात में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बना। बारात दीनदयाल मार्केट स्थित पीली कोठी पहुंची जहां बारात का परंपरागत भव्य स्वागत किया गया। भगवान शालिग्राम व तुलसी का विवाह एवं कन्यादान की रश्म निभाई गई।

वृंदावन से आए आचार्य पुनीत कृष्ण महाराज के आचार्यात्व व 35 सहयोगी पंडितों के सहयोग से 202 जोड़ों ने तुलसी विवाह में हिस्सा लिया। कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जोड़े इसमें शामिल हुए। सभी जोड़ों को अलग-अलग तुलसी के पौधे, भगवान शालिग्राम की प्रतिमूर्ति और पूजन सामग्रियां उपलब्ध कराई गई। फलाहार एवं तुलसी रसोई के साथ विवाह संपन्न हुआ। आज सुबह 9 बजे पूजन, पूर्णाहुति, गौदान व पूजन ब्राह्मण पूजन एवं ब्राह्मण भोज तथा ब्राह्मण यजमानों व व्रत वालों का महाप्रसाद उपरांत दोपहर 1.30 बजे से महाभंडारा का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोग इसमें सहभागी बने।

आयोजन को सफल बनाने में रोहिणी सुल्तानिया, सतीश छपारिया, श्रीमती गिरजा सुल्तानिया, श्रीमती कांता अग्रवाल, ऊषा मंगल अग्रवाल, श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष अधिवक्ता राजकुमार मोदी, कोषाध्यक्ष धीरज अग्रवाल, सचिव सजन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, आयुष छपारिया, निधि अग्रवाल, मुकेश बेरलिया, अक्षत सहित श्री श्याम मित्र मंडल के सभी सदस्यों का सहयोग रहा। आयोजन में एनएसएस के 26 स्वयंसेवक भी प्रोफेसर वाय के तिवारी के मार्गदर्शन में सहभागिता निभाए।

0 महिलाओं का बैण्ड टीम छाया रहा

सामूहिक तुलसी विवाह के अवसर पर आयोजकों के द्वारा नागपुर महाराष्ट्र से विशेष तौर पर शिव बैण्ड को बुलाया गया था। शिव बैण्ड में महिलाओं की पूरी टीम ने समां बांधा। बैण्ड की धुन पर बाराती नाचते रहे। महिला टीम द्वारा संचालित इस बैण्ड ने लोगों को आकर्षित किया।

Advertisement Carousel